नगालैंड: कोरीडांग विधानसभा उपचुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी

नगालैंड: कोरीडांग विधानसभा उपचुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी

नगालैंड: कोरीडांग विधानसभा उपचुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी
Modified Date: April 9, 2026 / 08:37 am IST
Published Date: April 9, 2026 8:37 am IST

कोहिमा, नौ अप्रैल (भाषा) नगालैंड में कोरीडांग विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान बृहस्पतिवार सुबह से जारी है।

चुनाव से संबंधित हिंसा की घटना में एक व्यक्ति की मौत होने के बाद मतदान कड़ी सुरक्षा के बीच कराया जा रहा है।

पिछले साल 11 नवंबर को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता एवं इस सीट से विधायक इम्कोमग एल. इम्चेन (75) के निधन के कारण यह उपचुनाव आवश्यक हो गया था। इस विधानसभा उपचुनाव में छह उम्मीदवार मैदान में हैं।

सत्तारूढ़ ‘पीपुल्स डेमोक्रेटिक अलायंस’ (पीडीए) का हिस्सा रही भाजपा ने दिवंगत विधायक के बेटे दाओचिर आई. इम्चेन को उम्मीदवार बनाया है जबकि कांग्रेस ने टी. चालुकुम्बा आओ को इस सीट से मनोनीत किया है। ‘नेशनल पीपुल्स पार्टी’ के उम्मीदवार आई. अबेनजांग हैं और निर्दलीय उम्मीदवारों में इम्चटोबा इम्चेन, इम्तिवापांग और तोशिकाबा शामिल हैं।

निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि सभी 30 मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया और यह शाम चार बजे तक जारी रहेगा। इस चुनाव में कुल 22,382 लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के पात्र हैं जिनमें 11,071 महिलाएं शामिल हैं।

कुल मतदान केंद्रों में से 13 को संवेदनशील और 17 को अत्यंत संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है जहां अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं और निगरानी बढ़ा दी गई है। दो मतदान केंद्रों पर सभी कर्मचारी महिलाएं हैं।

पांच और छह अप्रैल को हुई हिंसा के बाद पूरे निर्वाचन क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। इस हिंसा में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी।

मतगणना चार मई को होगी।

भाषा सुरभि सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में