नैनीताल : जंगली जानवर के हमले में महिला की मौत
नैनीताल : जंगली जानवर के हमले में महिला की मौत
नैनीताल, 22 अप्रैल (भाषा) उत्तराखंड में नैनीताल जिले के भीमताल क्षेत्र में बुधवार को जंगली जानवर के हमले में एक महिला की मौत हो गयी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि घटना जिओली गांव के पास के जंगल में हुई जहां हेमा पांडे (50) रोज की तरह अपने मवेशियों के लिए चारा लेने गयी थी।
स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक महिला पर हमला करने वाला जानवर संभवत:तेंदुआ था।
ग्राम प्रधान शेखर चंद्र भट्ट ने बताया कि मौके पर मौजूद महिलाओं से हमले की सूचना मिलने के बाद उसकी तलाश की गयी और बाद में उसका क्षत-विक्षत शव जंगल से बरामद हुआ।
घटना के बाद से क्षेत्र में भय का माहौल है। भीमताल क्षेत्र और उसके आसपास पहले भी जंगली जानवरों के हमले की घटनाएं हुई हैं और समस्या का स्थायी समाधान न ढ़ूंढे जाने को लेकर ग्रामीणों ने नाराजगी जतायी है।
प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) आकाश गंगवार ने कहा कि घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर तत्काल पहुंची। उन्होंने बताया, ‘‘ मामले की जांच की जा रही है। क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गयी है और वहां रहने वाले लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है।’’
भाषा सं दीप्ति धीरज
धीरज

Facebook


