नदिया में ‘लक्ष्मी भंडार’ सूची में मिले 173 पुरुषों के नाम, जांच के आदेश दिए गए: जिलाधिकारी
नदिया में 'लक्ष्मी भंडार' सूची में मिले 173 पुरुषों के नाम, जांच के आदेश दिए गए: जिलाधिकारी
कृष्णनगर, दो जून (भाषा) पश्चिम बंगाल के नदिया जिला प्रशासन ने धुबुलिया इलाके में महिलाओं के लिए चलाई जा रही ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना की लाभार्थी सूची में 173 पुरुषों के नाम पाए जाने के बाद जांच शुरू की है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
जिलाधिकारी श्रीकांत पल्ली ने बताया कि इन नामों को सूची से हटा दिया गया है।
पल्ली ने संवाददाताओं से कहा, ‘नदिया जिले के धुबुलिया इलाके में लक्ष्मी भंडार सूची में कम से कम 173 पुरुषों के नाम पाए गए थे। इन नामों को हटा दिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।’
एक अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला कि कथित तौर पर 173 लक्ष्मी भंडार खाते बनाए गए और इस साल फरवरी से उनसे पैसे निकाले गए।
उन्होंने कहा कि इस धोखाधड़ी के तौर-तरीकों और इसमें शामिल कुल राशि की जांच की जा रही है।
सूत्रों ने बताया कि राज्य सरकार ने नदिया जिला प्रशासन को इस मामले की जांच करने का आदेश दिया है।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को कहा कि उन्होंने पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार की महिलाओं को नकद राशि देने वाली योजना ‘लक्ष्मी भंडार’ के फर्जी लाभार्थियों की जांच के लिए राज्य के पुलिस प्रमुख से विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने को कहा है।
उन्होंने कहा कि लक्ष्मी भंडार के 2.2 करोड़ लाभार्थियों में से करीब 30 लाख लाभार्थी फर्जी हैं।
अधिकारी ने कहा कि इस मामले में धन शोधन की जांच भी की जाएगी क्योंकि इसमें अवैध रूप से नकद अंतरण शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बात सामने आयी है कि टीएमसी के शासनकाल के दौरान पुरुषों ने महिलाओं के लिए बनी इस योजना के तहत वित्तीय सहायता का लाभ उठाया था।
भाषा सुमित अविनाश
अविनाश

Facebook


