राष्ट्रीय समर स्मारक पर अंकित किए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए छह जवानों के नाम
राष्ट्रीय समर स्मारक पर अंकित किए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए छह जवानों के नाम
नयी दिल्ली, 26 जून (भाषा) पिछले साल ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान कर्तव्य निर्वहन के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए छह सैन्य कर्मियों के नाम राष्ट्रीय समर स्मारक पर अंकित किए गए हैं।
इन सैन्यकर्मियों में थलसेना के पांच और भारतीय वायुसेना के एक कर्मी का नाम शामिल है।
मई 2025 में भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा किए गए सैन्य अभियान के बाद यह पहली बार है, जब सरकार ने इन छह कर्मियों के नाम जारी किए हैं।
पिछले साल 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान में मौजूद आतंकी ठिकानों पर भीषण हमले किए थे।
राष्ट्रीय समर स्मारक के ‘त्याग चक्र’ की दीवार नंबर ‘3डी’ पर जिन छह सैन्यकर्मियों के नाम लिखे गए हैं, उनमें थलसेना से सूबेदार मेजर पवन कुमार, राइफलमैन सुनील कुमार, लांस नायक दिनेश कुमार, अग्निवीर एम मुरलीनाइक, हवलदार सुनील कुमार सिंह और भारतीय वायुसेना के सार्जेंट सुरेंद्र कुमार का नाम शामिल है।
प्राणोत्सर्ग करने वाले इन वीर सैन्यकर्मियों के नाम के साथ उनकी यूनिट के नाम भी अंकित किए गए हैं।
सूत्रों ने बताया कि ये छह नाम हाल ही में दीवार पर लिखे गए थे।
यह स्मारक उन भारतीय सैनिकों को सम्मानपूर्वक श्रद्धांजलि देता है, जिन्होंने स्वतंत्रता के बाद से युद्धों के दौरान देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी है।
‘3डी’ नंबर वाली दीवार के कोने पर, सबसे ऊपर वाली लाइन की एक ईंट पर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ लिखा है। उसके नीचे वाली ईंट पर ‘2025’ लिखा है, और उसके बाद ईंटों की अलग-अलग लाइनों में एक कॉलम में छह सैन्यकर्मियों के नाम लिखे हैं।
भाषा नेत्रपाल दिलीप
दिलीप

Facebook


