नेशनल कॉन्फ्रेंस अपनी ‘विफलताओं’ से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है : महबूबा

नेशनल कॉन्फ्रेंस अपनी ‘विफलताओं’ से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है : महबूबा

नेशनल कॉन्फ्रेंस अपनी ‘विफलताओं’ से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है : महबूबा
Modified Date: May 6, 2026 / 04:33 pm IST
Published Date: May 6, 2026 4:33 pm IST

श्रीनगर, छह मई (भाषा) पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने बुधवार को सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी अपनी ‘विफलताओं’ से ध्यान हटाने के लिए धार्मिक ग्रंथों को राजनीति में ‘घसीट’ रही है।

महबूबा ने यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा, ‘खुदा के लिए, कुरान को राजनीति में मत घसीटिए। वे (नेकां) सरकार में रहने के दौरान पिछले दो वर्षों की अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए ऐसा कर रहे हैं। जनता उनसे निराश हैं।’

प्रदेश की मुख्यमंत्री रह चुकी महबूबा, जादीबल के विधायक और नेकां के मुख्य प्रवक्ता तनवीर सादिक के उस बयान संबंधी पूछे गए सवाल का जवाब दे रही थीं, जिसमें उन्होंने पीडीपी प्रमुख और उनके विधायकों से कुरान की शपथ लेकर यह स्पष्ट करने को कहा था कि क्या उन्होंने पिछले साल जम्मू कश्मीर में हुए राज्यसभा चुनाव में भाजपा को वोट नहीं दिया था।

इस संबंध में आरटीआई (सूचना का अधिकार) के मुताबिक, पीडीपी ने पिछले साल अक्टूबर में हुए राज्यसभा चुनावों के लिए कोई मुख्य प्रतिनिधि नियुक्त नहीं किया था। इसके बाद नेकां ने आरोप लगाया कि विपक्षी पार्टी के तीन विधायकों ने चुनावों में भाजपा को वोट दिया था।

महबूबा ने नेकां पर अपनी नाकामियों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, “नशे से लड़ने की आड़ में मकान गिराए जा रहे हैं। इससे पहले भी आतंकवाद से लड़ने के बहाने यही किया जाता था। कर्मचारियों को मनमाने ढंग से बर्खास्त किया जा रहा है, जबकि उच्च योग्यता प्राप्त छात्र मुश्किलें झेल रहे हैं। इस सरकार ने अब तक मूक दर्शक बनकर तमाशा देखा है।”

उन्होंने कहा कि नेंका को उनकी पार्टी से राजनीतिक रूप से लड़ने का पूरा अधिकार है, लेकिन ऐसा करते समय सत्ताधारी पार्टी को धार्मिक ग्रंथों का उपयोग नहीं करना चाहिए।

भाषा प्रचेता रंजन

रंजन


लेखक के बारे में