बंगाल में करीब 10 लाख एसआईआर गणना प्रपत्र अब तक नहीं जमा हुए : सीईओ

बंगाल में करीब 10 लाख एसआईआर गणना प्रपत्र अब तक नहीं जमा हुए : सीईओ

बंगाल में करीब 10 लाख एसआईआर गणना प्रपत्र अब तक नहीं जमा हुए  : सीईओ
Modified Date: November 24, 2025 / 10:07 pm IST
Published Date: November 24, 2025 10:07 pm IST

कोलकाता, 24 नवंबर (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) मनोज कुमार अग्रवाल ने सोमवार को बताया कि राज्य में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के तहत अब तक 10 लाख से अधिक गणना प्रपत्र जमा नहीं हुए हैं।

उन्होंने कहा कि ये गणना प्रपत्र जमा नहीं हो सके, क्योंकि मतदाता या तो अनुपस्थित हैं, नाम का दोहराव है, या मृत हैं या स्थायी रूप से स्थानांतरित हो गए हैं।

अग्रवाल ने कहा, ‘‘ सोमवार शाम चार बजे तक 4.55 करोड़ गणना प्रपत्रों का संग्रह और डिजिटलीकरण पूरा हो चुका है। इनमें से 10.33 लाख गणना प्रपत्र एकत्र नहीं किए जा सके। यह वास्तविक समय के आंकड़े हैं।’’ उन्होंने बताया कि राज्य में 7.64 करोड़ गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं।

अग्रवाल ने कहा कि फिलहाल, वितरित किए गए कुल गणना प्रपत्रों में से 1.35 प्रतिशत प्रपत्र वापस नहीं मिले हैं।

सीईओ ने एसआईआर में बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि वे इस कार्य के असली नायक हैं।

उन्होंने कहा कि कई बीएलओ मतदाताओं तक पहुंचने और औपचारिकताएं पूरी करने के लिए कार्यालय समय से परे भी काम कर रहे हैं।

अग्रवाल ने कहा, ‘‘बीएलओ सराहनीय काम कर रहे हैं। वे एसआईआर प्रक्रिया के असली नायक हैं। यह प्रक्रिया चार नवंबर को शुरू हुई और 20 दिनों के भीतर उन्होंने सात करोड़ से अधिक मतदाताओं से संपर्क किया है, जो कोई आसान काम नहीं है।’’

राज्य में एसआईआर के लिए 80,600 से अधिक बीएलओ, लगभग 8,000 पर्यवेक्षक, 3,000 सहायक मतदाता पंजीयक अधिकारी और 294 मतदाता पंजीयक अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।

एक अधिकारी ने बीएलओ के समक्ष आ रही इंटरनेट संबंधी समस्याओं के बारे में पूछे गए सवाल पर कहा कि निर्बाध कनेक्टिविटी के लिए वाईफाई हब स्थापित किए गए हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘जिला मजिस्ट्रेट, ईआरओ और बीडीओ कार्यालयों में बीएलओ को डेटा एंट्री में मदद के लिए हेल्प डेस्क हैं। जहां भी इंटरनेट की समस्या है, वहां अलग से वाईफाई हब स्थापित किए गए हैं।’’

भाषा धीरज दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में