नीट-यूजी प्रश्नपत्र ‘लीक’ : कांग्रेस 10 जून को प्रधान के निर्वाचन क्षेत्र संबलपुर में प्रदर्शन करेगी

नीट-यूजी प्रश्नपत्र ‘लीक’ : कांग्रेस 10 जून को प्रधान के निर्वाचन क्षेत्र संबलपुर में प्रदर्शन करेगी

नीट-यूजी प्रश्नपत्र ‘लीक’ : कांग्रेस 10 जून को प्रधान के निर्वाचन क्षेत्र संबलपुर में प्रदर्शन करेगी
Modified Date: June 8, 2026 / 10:05 pm IST
Published Date: June 8, 2026 10:05 pm IST

संबलपुर, आठ जून (भाषा) कांग्रेस और उसकी छात्र इकाई नीट-यूजी प्रश्नपत्र ‘लीक’ मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के लोकसभा क्षेत्र संबलपुर में 10 जून को विरोध-प्रदर्शन करेंगे। ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (ओपीसीसी) के अध्यक्ष भक्त चरण दास ने सोमवार को यह जानकारी दी।

दास ने बताया कि संबलपुर में बुधवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कन्हैया कुमार के नेतृत्व में विरोध-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने कहा, “प्रधान ने अपनी अक्षमता साबित कर दी है, क्योंकि उनके कार्यकाल के दौरान पिछले कुछ वर्षों में प्रश्नपत्र लीक होने की कई घटनाएं सामने आई हैं। उन्होंने न तो नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मंत्री पद से इस्तीफा दिया और न ही सरकार ने उन्हें हटाया।”

दास ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर प्रधान को बचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) प्रश्नपत्र ‘लीक’ घटना के कारण लाखों छात्रों के प्रभावित होने के बावजूद भाजपा प्रधान को बचाने में जुटी है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि अगर सरकार बार-बार होने वाले प्रश्नपत्र ‘लीक’ जैसी अनियमितताओं को रोकने के लिए कोई स्थायी नीति नहीं बनाती है, तो कांग्रेस की छात्र इकाई व्यापक विरोध-प्रदर्शन करेगी।

दास ने कहा कि कांग्रेस और उसकी छात्र इकाई 10 जून को संबलपुर में शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रधान के इस्तीफे तक शांतिपूर्ण आंदोलन जारी रखेगी।

भाषा पारुल माधव

माधव


लेखक के बारे में