ई-रक्तकोष पोर्टल से जुड़ेगा नया ऐप, ऑनलाइन पंजीकरण और बारकोडिंग की होगी सुविधा
ई-रक्तकोष पोर्टल से जुड़ेगा नया ऐप, ऑनलाइन पंजीकरण और बारकोडिंग की होगी सुविधा
(अविनाश बाकोलिया)
जयपुर, 26 अप्रैल (भाषा) मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए रक्तदाताओं के ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, रक्त बैग की बारकोड आधारित निगरानी और रक्तदान शिविर के बेहतर प्रबंधन को आसान बनाने के लिए जल्द ही एक नया मोबाइल एप्लीकेशन ई-रक्तकोष पोर्टल के साथ जोड़ा जाएगा।
इस नए ऐप में रक्तदान शिविर का स्थान, रक्त बैग पर बारकोडिंग और रक्तदाता के ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा होगी। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग के अधिकारी ने यह जानकारी दी।
औषधि नियंत्रक अजय फाटक ने बताया कि खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग, सूचना प्रौद्योगिकी संचार विभाग की सहायता से ‘ब्लड कैंप मैनेजमेंट’ ऐप तैयार करवा रहा है।
उन्होंने बताया,‘‘ अब तक रक्तदाता को रक्तदान शिविर में जाकर ही पंजीकरण करवाना पड़ता था, लेकिन नए ऐप से यह प्रक्रिया ऑनलाइन हो जाएगी। रक्तदाता को ऐप में अपनी सारी जरूरी जानकारियां भरनी होंगी। ऐप के ही माध्यम से रक्तदाता से स्वास्थ्य संबंधी प्रश्न पूछे जाएंगे। इसके बाद रक्तदाता के मोबाइल पर संदेश मिलेगा, जिसमें चिकित्सा अधिकारी की ओर से यह स्वीकृति दी जाएगी कि वह रक्तदान करने योग्य है या नहीं। इससे रक्तदाता का समय भी बचेगा।’’
उन्होंने बताया कि रक्तदान शिविर में जिस बैग में रक्त लिया जाता है उस पर बारकोड लगाया जाएगा और साथ ही जिस बक्से में रक्त बैग रखे जाते हैं, उस थर्मोबॉक्स पर जीपीएस लगाया जाएगा। इससे रक्त के संग्रहण की स्थिति पर नजर रखने के साथ ही मरीजों को गलत समूह का रक्त चढ़ाने जैसे त्रुटियां रोकी जा सकेंगी।
उन्होंने बताया कि इस ऐप से रक्त की वैधता की तिथि की भी स्वत: निगरानी की जा सकेगी।
औषधि नियंत्रक ने बताया कि इस ‘ब्लड कैंप मैनेजमेंट’ ऐप को इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की संस्था सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ एडवांस्ड कंप्यूटिंग (सीडेक) को सौंपा जाएगा। सीडेक एप्लिकेशन प्रोग्रामिंग इंटरफेस (एपीआई) के जरिए ई-रक्तकोष पोर्टल से जोड़ेंगे।
औषधि नियंत्रक ने बताया कि चूंकि बारकोड में पहले से ही रक्तदाता का पूरा रिकॉर्ड रहेगा, तो गलत समूह का रक्त चढऩे की गुंजाइश नहीं रहेगी। अस्पताल में तकनीशियन मरीज को रक्त चढ़ाएगा तो उससे पहले वह बार कोड को स्कैन करेगा, जिससे उसे पता चल जाएगा कि उक्त मरीज को सही ब्लड ग्रुप चढ़ाया जा रहा है या नहीं।
बारकोड से यह भी पता चल सकेगा कि यह रक्त किस रक्तदान शिविर से आया है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग की आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला ने बताया कि ई-रक्तकोष पोर्टल के जरिए प्रदेश के सभी पंजीकृत ब्लड बैंकों में उपलब्ध रक्त की वास्तविक समय में जानकारी ब्लड बैंकवार देखी जा सकती है।
उन्होंने बताया कि पोर्टल की खास बात यह है कि सभी पंजीकृत ब्लड बैंकों को नियमित रूप से अपना स्टॉक अद्यतन करना अनिवार्य है और इससे पता चल जाता है कि किस रक्त बैंक में कितना रक्त उपलब्ध है।
भाषा बाकोलिया अमित जोहेब नरेश
नरेश

Facebook


