तटरक्षक हेलीकॉप्टर के नए अड्डे से लापता मछुआरे की तलाश तेज होगी: सुरेश गोपी

तटरक्षक हेलीकॉप्टर के नए अड्डे से लापता मछुआरे की तलाश तेज होगी: सुरेश गोपी

तटरक्षक हेलीकॉप्टर के नए अड्डे से लापता मछुआरे की तलाश तेज होगी: सुरेश गोपी
Modified Date: August 12, 2026 / 08:08 pm IST
Published Date: August 12, 2026 8:08 pm IST

कोल्लम (केरल), 12 अगस्त (भाषा) केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी ने बुधवार को कहा कि 31 जुलाई से राज्य के तट के पास अलग-अलग नौका दुर्घटनाओं के बाद लापता तीन मछुआरों में से एक की तलाश तेज कर दी गई है और इसके लिए तटरक्षक बल के एक हेलिकॉप्टर ने तलाशी वाले इलाके के पास एक नया अड्डा बनाया है।

कोल्लम के नींदकारा में एक नौका हादसे के बाद गौतम कृष्ण लापता हो गए थे। इस हादसे में उनके पिता और दादा की मौत हो गई थी।

केंद्रीय पेट्रोलियम, प्राकृतिक गैस और पर्यटन राज्य मंत्री गोपी ने सोशल मीडिया मंच ‘फेसबुक’ पर एक पोस्ट में कहा कि तलाशी अभियान में शामिल हेलीकॉप्टर, ‘अमृतानंदमयी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग’ के मैदान का इस्तेमाल अपने अड्डे के तौर पर करेगा और उन्होंने हेलिकॉप्टर के वहां उतरने का एक वीडियो भी साझा किया।

उन्होंने कहा कि बचाव अभियान के लिए केंद्र सरकार, नौसेना और तटरक्षक बल का पूरा सहयोग सुनिश्चित किया गया है।

गोपी ने कहा कि इसके अलावा समुद्री प्रवर्तन दल और स्थानीय मछुआरे भी लापता मछुआरे की तलाश में लगातार जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि तटरक्षक बल सहित सभी की सेवाएं बेहद महत्वपूर्ण हैं।

उन्होंने अपनी पोस्ट में कहा, ‘आइए, गौतम कृष्णा के लिए मिलकर प्रार्थना करें। हम उनके परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं।’

गौतम कृष्ण के अलावा दो अन्य मछुआरे (जॉन और शिजिन) भी 31 जुलाई को अलग-अलग नौका हादसों के बाद लापता हो गए थे।

तीनों का अब तक पता नहीं चल सका है और बुधवार को उनकी तलाश का तेरहवां दिन है।

भाषा

शुभम नरेश

नरेश


लेखक के बारे में