नया संसद भवन, बुलेट ट्रेन परियोजना ‘दिखावटी’, कांग्रेस को गरीबों पर ध्यान देना होगा: चिदंबरम

नया संसद भवन, बुलेट ट्रेन परियोजना ‘दिखावटी’, कांग्रेस को गरीबों पर ध्यान देना होगा: चिदंबरम

नया संसद भवन, बुलेट ट्रेन परियोजना ‘दिखावटी’, कांग्रेस को गरीबों पर ध्यान देना होगा: चिदंबरम
Modified Date: November 29, 2022 / 07:48 pm IST
Published Date: November 8, 2022 8:00 pm IST

अहमदाबाद, आठ नवंबर (भाषा) वरिष्ठ कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने मंगलवार को केंद्र की भारतीय जनता पार्टी नीत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली में नये संसद भवन और अहमदाबाद-मुंबई के बीच देश की पहली बुलेट ट्रेन जैसी ‘दिखावटी परियोजनाओं’ पर हजारों करोड़ रुपये खर्च किये जा रहे हैं।

पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री ने गुजरात में कांग्रेस को अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव में सत्ता में आने पर इस तरह की दिखावे वाली परियोजनाओं से दूरी बनाने की तथा गरीबों की मदद करने एवं शिक्षा व स्वास्थ्य सुविधाओं के सुधार पर खर्च करने पर ध्यान देने की सलाह दी।

चिदंबरम राज्य में एक दिसंबर और पांच दिसंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस का प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा शासित राज्य बहुत कर्जे में हैं।

उन्होंने यहां पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में विभिन्न पेशों से जुड़े लोगों से बातचीत में कहा, ‘‘हमें तय करना होगा कि हमारी प्राथमिकताएं क्या हैं। क्या हमारी प्राथमिकता नया संसद भवन बनाना है? आइए और पहले के राजपथ, तथा अब के कर्तव्य पथ को देखिए। क्या बदल गया? कुछ नहीं बदला।’’

राज्यसभा सदस्य ने उप राष्ट्रपति के लिए नया आवास बनाने के मुद्दे पर भी भाजपा पर निशाना साधा और कह, ‘‘अब आप हजारों हजार करोड़ रुपये खर्च कर रहे हैं। मुझे बताया गया कि उप राष्ट्रपति के लिए 265 करोड़ रुपये में घर बना रहे हैं। मैंने पहले कहा था कि तत्कालीन उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू को इस प्रस्ताव को खारिज कर देना चाहिए? क्या आप यहां बकिंघम पैलेस बना रहे हैं?’’

चिदंबरम ने कहा कि किसी घर के लिए पांच करोड़ या 15 करोड़ रुपये खर्च करना ठीक है, लेकिन 265 करोड़ रुपये नहीं।

भाषा

वैभव पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में