आंध्र प्रदेश में झूठी शान के लिए नवविवाहित युवक की हत्या
आंध्र प्रदेश में झूठी शान के लिए नवविवाहित युवक की हत्या
राजामहेंद्रवरम (आंध्र प्रदेश), 27 फरवरी (भाषा) आंध्र प्रदेश में पूर्वी गोदावरी जिले के द्वारपुड़ी गांव में कथित तौर पर झूठी शान के लिए एक व्यक्ति की हत्या किये जाने का संदिग्ध मामला सामने आया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित व्यक्ति की उसकी पत्नी के भाइयों ने कथित तौर पर हत्या कर दी।
राजमहेंद्रवरम पूर्वी जोन की पुलिस उपाधीक्षक बी दिव्या ने बताया कि सूर्य प्रकाश और संध्या ने बृहस्पतिवार को शादी की थी और उसी दिन देर रात प्रकाश पर हमला हुआ।
दिव्या ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘बृहस्पतिवार रात द्वारपुड़ी गांव में सूर्य प्रकाश की उसकी पत्नी के भाइयों द्वारा पत्थरों से वार करके हत्या कर दी गई, जो झूठी शान के लिए की गई हत्या का मामला प्रतीत होता है।’’
पति-पत्नी दोनों की उम्र लगभग 40 वर्ष थी जिका संबंध पिछड़े समुदाय से है। वे दोनों कक्षा 10 से एक-दूसरे को जानते थे।
दिव्या ने बताया कि महिला के भाइयों ने प्रकाश पर हमला किया, क्योंकि उन्हें शक था कि उनकी बहन को झांसा देकर शादी रचाई गई। भाइयों को शक था कि युवक बेरोजगार था इसलिए उसने नौकरी कर रही उनकी बहन को झांसा देकर प्रेम जाल में फंसाया और शादी कर ली।
उन्होंने बताया कि संध्या पूर्वी गोदावरी जिले के स्थानीय मंडल राजस्व अधिकारी (एमआरओ) कार्यालय में काम करती हैं।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि तस्वीरें साझा किए जाने तक दंपति के परिवारों को शादी की जानकारी नहीं थी।
दिव्या ने बताया कि दुल्हन ने दोपहर में अपने भाइयों के साथ अपनी शादी की तस्वीरें साझा की थीं और उनसे दूल्हे के घर आने की उम्मीद कर रही थी।
जब नवदंपति देर रात द्वारपुड़ी गांव में दूल्हे के घर पहुंचे, तो वह बंद था क्योंकि गांव में कपड़े की दुकान चलाने वाले उसके पिता घर पर नहीं थे।
पुलिस ने बताया कि जब दंपति बाहर इंतजार कर रहे थे, तभी महिला के दो भाइयों ने कथित तौर पर प्रकाश पर पत्थरों से हमला कर दिया जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 (1) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
दिव्या ने बताया कि आरोपी फरार हैं और पुलिस ने उन्हें ढूंढ़ने और गिरफ्तार करने के लिए कई विशेष टीम तैनात की हैं।
भाषा तान्या संतोष
संतोष

Facebook


