पराली जलाने की घटनाओं से निपटने का लक्ष्य पूरा करने का तरीका बताए पंजाब सरकार: एनजीटी
पराली जलाने की घटनाओं से निपटने का लक्ष्य पूरा करने का तरीका बताए पंजाब सरकार: एनजीटी
नयी दिल्ली, सात अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने पंजाब सरकार को यह बताने का निर्देश दिया है कि वह चालू वर्ष में पराली जलाने की घटनाओं को कम करने के अपने लक्ष्य को कैसे हासिल करेगी।
एनजीटी पंजाब में पराली जलाने के मामले पर सुनवाई कर रहा था जिससे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) और आसपास के इलाकों में सर्दियों के मौसम में वायु प्रदूषण की समस्या बढ़ जाती है।
इस साल जनवरी में अधिकरण ने पंजाब को ‘गंभीर मुद्दे’ से निपटने के लिए ‘संशोधित नयी कार्य योजना’ दाखिल करने का निर्देश दिया था।
अधिकरण ने राज्य सरकार को 12 जुलाई को सुनवाई की अगली तारीख से एक सप्ताह पहले रिपोर्ट दाखिल कर यह बताने का निर्देश दिया कि वह चालू वर्ष में पराली जलाने की घटनाओं को कम करने के अपने लक्ष्य को कैसे हासिल करेगी।
भाषा
नेत्रपाल नरेश
नरेश

Facebook


