भरूच में कारखाने में विस्फोट मामले में एनएचआरसी ने गुजरात सरकार को नोटिस जारी किया
भरूच में कारखाने में विस्फोट मामले में एनएचआरसी ने गुजरात सरकार को नोटिस जारी किया
नयी दिल्ली, 28 अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने मंगलवार को कहा कि उसने भरूच जिले में एक कारखाने में हुए विस्फोट और उसके कारण लगी आग की खबरों के संबंध में गुजरात सरकार और पुलिस अधिकारियों को नोटिस जारी किया है। इस हादसे में कम से कम 16 श्रमिक घायल हो गए थे।
एक बयान में कहा गया है कि यह रासायनिक कारखाना गुजरात के झगड़िया जीआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र में स्थित है। प्रारंभिक जांच में 23 अप्रैल की घटना के पीछे ‘तकनीकी या रासायनिक कारणों’ की आशंका जताई गई है।
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने एक रासायनिक कारखाने में हुए विस्फोट और उसके कारण लगी आग से संबंधित मीडिया की खबरों का स्वतः संज्ञान लिया है, जिसमें कम से कम 16 श्रमिक घायल हो गए हैं।
आयोग ने कहा है कि खबरों की सामग्री, यदि सत्य है, तो यह पीड़ितों के मानवाधिकारों के गंभीर उल्लंघन के मुद्दे उठाती है।
इसलिए, इसने गुजरात के मुख्य सचिव और भरूच के पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है, जिसमें घायल श्रमिकों के स्वास्थ्य की स्थिति, मामले की जांच और उन्हें दिए गए मुआवजे (यदि कोई हो) का विवरण देने को कहा है।
24 अप्रैल को प्रकाशित मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस घटना ने क्षेत्र में औद्योगिक सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं, साथ ही सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करने की आवश्यकता पर भी बल दिया है।
बयान में कहा गया है कि घायल श्रमिकों को इलाज के लिए पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। तान्या पवनेश
पवनेश

Facebook


