गुरुग्राम, नौ अगस्त (भाषा) वजीराबाद गांव के पास से रविवार को एक नाइजीरियाई नागरिक को गिरफ्तार करके उसके पास से 204.04 ग्राम कोकीन बरामद की गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, नाइजीरिया नागरिक डेनियल ओबिफुना फिलहाल गुरुग्राम के सेक्टर-52 स्थित झील चौक के पास रह रहा था। सेक्टर-53 थाने की टीम ने उसे गिरफ्तार कर उसके पास से 204.04 ग्राम कोकीन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, इस संबंध में ओबिफुना के खिलाफ सेक्टर-53 थाने में स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गुरुग्राम पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया, ‘प्रारंभिक पूछताछ के दौरान पता चला है कि आरोपी 2024 में मेडिकल वीजा पर भारत आया था। उसके पास से बरामद अवैध मादक पदार्थ उसके एक सहयोगी ने गुरुग्राम में बेचने के लिए दिया था। बरामद कोकीन की कीमत करीब पांच लाख रुपये है।’
पुलिस ने बताया कि आरोपी के वीजा और अन्य संबंधित तथ्यों की जांच की जा रही है और इस मामले में आगे की कार्रवाई नियमों के अनुसार की जाएगी।
भाषा प्रचेता संतोष
संतोष