पश्चिमी दिल्ली में हिरासत में लिए जाने के बाद नाइजीरियाई नागरिक की मौत हो गई; जांच शुरू
पश्चिमी दिल्ली में हिरासत में लिए जाने के बाद नाइजीरियाई नागरिक की मौत हो गई; जांच शुरू
नयी दिल्ली, 30 मार्च (भाषा) पश्चिमी दिल्ली में ‘ऑपरेशन कवच’ के दौरान स्पेशल स्टाफ द्वारा पकड़े गये नाइजीरियाई नागरिक की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
दिल्ली पुलिस ने एक बयान में कहा कि व्यस्त क्षेत्रों और प्रमुख सड़कों पर संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए गश्त को तेज करने के मकसद से ‘ऑपरेशन कवच’ के तहत अभियान चलाया, और इसी दौरान रविवार शाम को यह घटना हो गयी।
पश्चिम दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) दराडे शरद भास्कर ने बयान में कहा, ‘स्पेशल स्टाफ नियमित गश्त पर था जब उन्होंने राजौरी गार्डन मेट्रो स्टेशन के पास सड़क पर गलत दिशा से स्कूटर पर आ रहे एक व्यक्ति को देखा। उसकी गतिविधि संदिग्ध लगने पर, टीम ने उसे पूछताछ के लिए रुकने का इशारा किया।’
उन्होंने कहा कि मगर स्कूटर सवार ने अपने दो पहिया वाहन से पुलिस की एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी और सड़क पर गिर गया।
बयान में यह कहा गया है कि इसके बाद उसने वाहन छोड़ दिया और पैदल भागने की कोशिश की, जिसके चलते पुलिस दल ने उसका पीछा किया और थोड़ी देर की मशक्कत के बाद उसे पकड़ लिया।
बयान के मुताबिक, इसके बाद संदिग्ध को आगे की पूछताछ के लिए टैगोर गार्डन के पास स्थित स्पेशल स्टाफ कार्यालय ले जाया गया और प्रारंभिक बातचीत के दौरान, व्यक्ति ने पुलिस के साथ सहयोग नहीं किया और बेचैनी की शिकायत की।
उसकी बिगड़ती तबीयत को भांपते हुए पुलिस टीम ने उसे तुरंत चिकित्सा जांच के लिए ख्याला स्थित गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान नाइजीरियाई नागरिक क्रिश्चियन ईज़ प्रॉमिस के रूप में हुई है। उसके शव को पोस्टमार्टम सहित आगे की कानूनी औपचारिकताओं के लिए एम्स के मुर्दाघर में रखवा दिया गया है।
पुलिस ने कहा कि इस मामले में उचित प्रक्रिया का पालन किया गया है और विदेशी नागरिकों से जुड़े मामलों को लेकर पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी स्थायी दिशानिर्देशों के अनुसार घटना की सूचना राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी), विदेश मंत्रालय और नाइजीरिया के उच्चायोग को भेज दी गई है।
पुलिस ने कहा कि सभी अनिवार्य प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है और मामले से संबंधित दस्तावेजों को नियमों के अनुसार पूरा कर लिया गया है।
इसी बीच, पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हमने थाने के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी है।’
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मौत की परिस्थितियां साफ नहीं है, इसलिए यह पता लगाने के लिए भी जांच की जा रही है कि क्या यह हिरासत में मौत का मामला है। वरिष्ठ अधिकारियों की एक टीम को घटनाओं के क्रम की गहन जांच करने का जिम्मा सौंपा गया है।
जांचकर्ता सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच करेंगे ताकि उसकी मौत के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि जांच के निष्कर्षों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भाषा नोमान नोमान रंजन
रंजन

Facebook


