मप्र के सिवनी में निहंग सिखों पर टोल बूथ कर्मचारियों से मारपीट का आरोप; पांच लोगों पर मामला दर्ज

Ads

मप्र के सिवनी में निहंग सिखों पर टोल बूथ कर्मचारियों से मारपीट का आरोप; पांच लोगों पर मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - March 21, 2026 / 09:15 PM IST,
    Updated On - March 21, 2026 / 09:15 PM IST

सिवनी (मप्र), 21 मार्च (भाषा) मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में टोल शुल्क को लेकर हुए विवाद के बाद निहंग सिखों के एक समूह ने टोल बूथ कर्मचारी से मारपीट की। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि इस संबंध में पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि घटना शुक्रवार को उस समय हुई जब पंजाब से निहंग सिखों को लेकर आ रहा वाहन राष्ट्रीय राजमार्ग-44 स्थित मढ़ई टोल प्लाजा पर पहुंचा।

शनिवार को कथित घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सामने आया।

पुलिस ने बताया कि समूह महाराष्ट्र के नांदेड़ जा रहा था, जहां तख्त सचखंड श्री हजूर अबचलनगर साहिब गुरुद्वारा स्थित है।

प्राथमिकी के हवाले से पुलिस ने बताया कि टोल कर्मचारियों का आरोप है कि समूह ने टोल शुल्क दिए बिना आगे बढ़ने का प्रयास किया और अवरोधक तोड़ने की कोशिश की। रोके जाने पर कुछ लोग वाहन से उतरकर कर्मचारियों से अभद्रता करने लगे।

विवाद बढ़ने पर उन्होंने कथित तौर पर टोल प्रभारी मुनेश सिंह बघेल पर तलवार की मूठ और बेसबॉल बैट से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए।

लखनादौन के थाना प्रभारी के. पी. धुर्वे ने बताया कि टोल प्लाजा प्रबंधक अमित कुमार गुप्ता की शिकायत पर पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘वीडियो में निहंग सिख नजर आ रहे हैं। घटना के वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।’’

टोल कर्मचारियों का दावा है कि घटना के बाद समूह महाराष्ट्र की ओर चला गया।

भाषा सं दिमो सुरभि

सुरभि