नीतीश के कार्यकाल को बिहार के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय के रूप में याद किया जाएगा: मरांडी
नीतीश के कार्यकाल को बिहार के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय के रूप में याद किया जाएगा: मरांडी
रांची, पांच मार्च (भाषा) झारखंड विधानसभा में विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने बृहस्पतिवार को कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में नीतीश कुमार का कार्यकाल राज्य के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय के रूप में याद किया जाएगा।
नीतीश कुमार ने सुबह (बृहस्पतिवार) राज्यसभा का चुनाव लड़ने के अपने निर्णय की घोषणा की जिसके साथ ही राज्य में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले उनके 20 साल के कार्यकाल का समापन हो गया।
मरांडी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “आदरणीय नीतीश कुमार जी, पिछले तीन-चार दशकों से आप बिहार की राजनीति के केंद्र में रहे हैं। बिहार को जंगलराज से बाहर निकालने और सुशासन स्थापित करने में आपका योगदान अतुलनीय है।”
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता ने कहा कि कुमार के नेतृत्व में बिहार ने प्रशासनिक स्थिरता, विकास और व्यवस्था में एक नई दिशा प्राप्त की है।
मरांडी ने कहा, “सार्वजनिक जीवन में आपने (नीतीश कुमार) हमेशा सत्यनिष्ठा, गरिमा और नैतिकता के मूल्यों को कायम रखा। बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में आपका कार्यकाल राज्य के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय के रूप में याद किया जाएगा।”
उन्होंने कहा, “अब राज्यसभा सदस्य के रूप में भी सदन आपके अनुभव, दूरदृष्टि और नेतृत्व से सम्मानित होगा। आपके उज्ज्वल भविष्य और इस नई पारी के लिए हार्दिक शुभकामनाएं! विकसित भारत के निर्माण में आपका अनुभव और योगदान राष्ट्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण रहेगा!”
भाषा जितेंद्र नरेश
नरेश

Facebook


