एसआईआर प्रक्रिया के दौरान कोई भी पात्र मतदाता छूटना नहीं चाहिए : कांग्रेस की झारखंड इकाई
एसआईआर प्रक्रिया के दौरान कोई भी पात्र मतदाता छूटना नहीं चाहिए : कांग्रेस की झारखंड इकाई
रांची, पांच जुलाई (भाषा) कांग्रेस की झारखंड इकाई के प्रभारी के. राजू ने रविवार को पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) के साथ तालमेल बिठाएं और घर-घर जाकर यह सुनिश्चित करें कि एसआईआर प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची पुनरीक्षण फॉर्म सही ढंग से भरे जाएं।
राजू ने यह निर्देश एक संगठनात्मक बैठक को संबोधित करते हुए दिया, जिसमें जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष, ज़िला और विधानसभा प्रभारी, ज़िला उपाध्यक्ष, सचिव और पार्टी के बूथ-स्तरीय एजेंट (बीएलए) शामिल हुए थे।
उन्होंने कहा, ‘‘राज्य में एसआईआर (मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण) की प्रक्रिया चल रही है, इसलिए सभी बूथ के बीएलए समेत पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को बीएलओ के साथ मिलकर काम करना चाहिए। पार्टी कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर यह सुनिश्चित करना चाहिए कि फार्म सही ढंग से भरे जाएं।’’
उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया के दौरान पाई गई किसी भी गलती की जानकारी ज़िला अधिकारियों को दी जानी चाहिए ताकि उन्हें तुरंत ठीक किया जा सके।
राजू ने पत्रकारों से कहा, ‘‘आज मैंने राज्य के सभी हिस्सों से आए पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक की। हमने एसआईआर प्रक्रिया पर मुख्य रूप से चर्चा और समीक्षा की। पिछले तीन दिनों में, मैंने पूरे राज्य में ग्राम पंचायत, ब्लॉक और ज़िला स्तर पर एसआईआर प्रक्रिया की समीक्षा की और कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए ताकि कोई भी मतदाता छूट न जाए।”
प्रदेश कांग्रेस सह-प्रभारी डॉ. सिरिवेल्ला प्रसाद ने कहा कि ज़िला प्रभारियों, ज़िला अध्यक्षों, ब्लॉक अध्यक्षों, वार्ड अध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों को अपनी ज़िम्मेदारियां प्रभावी ढंग से निभानी चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि ज़िला प्रभारियों और अध्यक्षों को एसआईआर प्रक्रिया को उपयुक्त रूप से करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
भाषा प्रशांत सुभाष
सुभाष

Facebook


