कांग्रेस में योग्य लोगों के लिए कोई जगह नहीं: मनीष तिवारी की टिप्पणी के बाद भाजपा

कांग्रेस में योग्य लोगों के लिए कोई जगह नहीं: मनीष तिवारी की टिप्पणी के बाद भाजपा

कांग्रेस में योग्य लोगों के लिए कोई जगह नहीं: मनीष तिवारी की टिप्पणी के बाद भाजपा
Modified Date: May 28, 2026 / 07:37 pm IST
Published Date: May 28, 2026 7:37 pm IST

नयी दिल्ली, 28 मई (भाषा) भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी एल संतोष ने बृहस्पतिवार को कहा कि कांग्रेस में ‘‘योग्य व्यक्तियों’’ के लिए कोई जगह नहीं है।

उनकी यह टिप्पणी तब आई जब कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने सरदार केवल सिंह ढिल्लों को भाजपा की पंजाब इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किए जाने की आलोचना की।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने ढिल्लों को पार्टी की पंजाब इकाई का प्रमुख नियुक्त किया।

बरनाला से दो बार कांग्रेस के विधायक रह चुके ढिल्लों 2022 में भाजपा में शामिल हो गए थे और बाद में उन्हें पार्टी की प्रदेश इकाई का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया था।

तिवारी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में, ढिल्लों की भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के रूप में नियुक्ति को लेकर निशाना साधा और कहा, ‘‘पंजाब में भाजपा की स्थिति पर यह एक स्पष्ट टिप्पणी है कि वह प्रदेश अध्यक्षों के रूप में नियुक्त करने के लिए केवल पूर्व कांग्रेसी नेताओं को ही ढूंढ़ पा रही है।’’

कांग्रेस सांसद की टिप्पणी पर संतोष ने पलटवार करते हुए ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘और यह एक सर्वविदित तथ्य है कि कांग्रेस में योग्य व्यक्तियों के लिए कोई जगह नहीं है।’’

भाजपा की पंजाब इकाई के नवनियुक्त अध्यक्ष ढिल्लों को पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का करीबी माना जाता है, जो कांग्रेस से अलगाव के लगभग एक साल बाद 2022 में भाजपा में शामिल हुए थे।

ढिल्लों सिख समुदाय से हैं, और भाजपा का उन्हें अपनी पंजाब इकाई का प्रमुख नियुक्त करना अगले साल होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव में मजबूती से लड़ने की पार्टी की इच्छा को दर्शाता है।

सूत्रों के अनुसार, राज्य के कुछ भाजपा नेता पंजाब इकाई के नेतृत्व के लिए किसी सिख चेहरे को नियुक्त करने पर जोर दे रहे थे।

भाजपा ने राज्य में आम आदमी पार्टी (आप) सरकार को सत्ता से बेदखल करने की उम्मीद में 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है।

ढिल्लों (76) ने सुनील जाखड़ का स्थान लिया है, जिन्हें जुलाई 2023 में भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। जाखड़ भी 2022 में भाजपा में शामिल हुए थे, जिससे कांग्रेस के साथ उनका लंबा संबंध समाप्त हो गया था।

भाषा नेत्रपाल नरेश

नरेश


लेखक के बारे में