मणिपुर में एलपीजी और पेट्रोलियम उत्पादों की कोई कमी नहीं: अधिकारी

मणिपुर में एलपीजी और पेट्रोलियम उत्पादों की कोई कमी नहीं: अधिकारी

मणिपुर में एलपीजी और पेट्रोलियम उत्पादों की कोई कमी नहीं: अधिकारी
Modified Date: March 14, 2026 / 10:45 am IST
Published Date: March 14, 2026 10:45 am IST

इंफाल, 14 मार्च (भाषा) मणिपुर सरकार ने कहा है कि पश्चिम एशिया संकट के मद्देनजर घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) और पेट्रोलियम उत्पादों की कोई कमी नहीं है।

सरकार ने साथ ही इस बात पर जोर दिया कि राज्य में खाना पकाने की गैस की कमी के दावे भ्रामक हैं।

शुक्रवार देर रात जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि इंफाल स्थित ‘इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड’ (आईओसीएल) ने पुष्टि की है कि राज्य में एलपीजी और अन्य पेट्रोलियम उत्पादों का पर्याप्त भंडार मौजूद है।

इसमें कहा गया है, ‘‘आईओसीएल ने स्पष्ट किया है कि पिछले कुछ दिनों से एलपीजी वितरण में आई अस्थायी रुकावट अखिल भारतीय स्तर पर ‘डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड’ (डीएसी) प्रणाली में एक तकनीकी समस्या के कारण थी। यह समस्या अब हल हो चुकी है और इसका राज्य में एलपीजी के भंडार की स्थिति से कोई संबंध नहीं था।’’

उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग द्वारा जारी विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘यह देखा गया है कि कुछ सोशल मीडिया उपयोगकर्ता और कुछ लोग राज्य में एलपीजी और अन्य पेट्रोलियम उत्पादों की कथित या संभावित कमी के बारे में गलत जानकारी फैला रहे हैं। ऐसे दावे उपभोक्ताओं और आम जनता को गुमराह कर रहे हैं।’’

विभाग ने लोगों से आग्रह किया है कि वे घबराएं नहीं और एलपीजी एवं पेट्रोलियम उत्पादों की ‘‘अनावश्यक जमाखोरी’’ न करें।

भाषा देवेंद्र सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में