नोएडा: छत से युवक-युवती के कूदने के मामले में पति-पत्नी गिरफ्तार

नोएडा: छत से युवक-युवती के कूदने के मामले में पति-पत्नी गिरफ्तार

नोएडा: छत से युवक-युवती के कूदने के मामले में पति-पत्नी गिरफ्तार
Modified Date: May 6, 2026 / 03:38 pm IST
Published Date: May 6, 2026 3:38 pm IST

नोएडा, छह मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के नोएडा में सेक्टर-22 अंतर्गत चौड़ा रघुनाथपुर गांव में युवक-युवती के छत से गिरने के मामले में पुलिस ने मकान मालिक और उसकी पत्नी को बुधवार सुबह गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस घटना में युवक की मौत हो गई थी, जबकि युवती जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।

थाना सेक्टर 24 के प्रभारी सुबोध कुमार ने बताया कि गत सोमवार सुबह करीब पांच बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि सेक्टर 22 में हनुमान मंदिर के पास एक मकान की चौथी मंजिल से पुनीत (26) तथा कुमारी विद्या दास (20) ने आत्महत्या करने की नीयत से छलांग लगा दी है।

उन्होंने कहा कि पुलिस दोनों को गंभीर हालत में नोएडा के जिला अस्पताल ले गई, लेकिन चिकित्सकों ने पुनीत चौहान को मृत घोषित कर दिया, जबकि विद्या दास की हालत दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में गंभीर बनी हुई है।

कुमार ने बताया कि इस मामले में मृतक के पिता कृष्णपाल ने बुधवार को थाना सेक्टर 24 में गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस को इस घटना में चौड़ा रघुनाथपुर गांव निवासी हितेश राणा और उसकी पत्नी चंचल राणा की भूमिका संदिग्ध नजर आई।

थाना प्रभारी के अनुसार, पुनीत मेरठ का रहने वाला था और आरोपी चंचल राणा भी मेरठ की रहने वाली है। कॉलेज में पढ़ते समय दोनों की बातचीत थी। कुछ समय पूर्व चंचल राणा के जन्मदिन पर पुनीत ने उसे सोशल मीडिया के माध्यम से बधाई दी थी। इस बीच दोनों एक-दूसरे से मिले।

उन्होंने कहा कि इसके बाद हितेश राणा को अपनी पत्नी के ऊपर शक हुआ, और उसने पुनीत को बातचीत करने के लिए घटना वाले दिन चौड़ा गांव स्थित अपने घर बुलाया।

थाना प्रभारी के अनुसार, पुनीत अपनी प्रेमिका विद्या के साथ उसके घर पहुंचा। दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ। इसके बाद पुनीत और विद्या हितेश राणा के घर पर ही रात के समय रुक गए। अगले दिन सुबह दोनों छत से गिरे मिले। इस घटना में पुनीत की मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस ने हितेश और चंचल को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

थाना प्रभारी ने कहा कि मामले में विस्तृत जांच जारी है।

भाषा सं मनीषा नेत्रपाल

नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में