नोएडा: श्रमिक आंदोलन से जुड़े मामले में दो आरोपियों के खिलाफ एनएसए लगाया गया
नोएडा: श्रमिक आंदोलन से जुड़े मामले में दो आरोपियों के खिलाफ एनएसए लगाया गया
नोएडा, 13 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश पुलिस ने नोएडा में 13 अप्रैल को हुए श्रम आंदोलन और हिंसक प्रदर्शनों के सिलसिले में बुधवार को दो आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) लगाया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने एक बयान में बताया कि सत्यम वर्मा और आकृति के खिलाफ कार्रवाई की गई है, जिनकी पहचान ‘मजदूर बिगुल दस्ता’ के सक्रिय सदस्यों के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पिछले महीने हुए श्रमिक आंदोलन के दौरान हिंसा, आगजनी और कथित उकसावे वाली गतिविधियों की घटनाओं के बाद गौतम बुद्ध नगर आयुक्त कार्यालय के विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज किए गए थे।
पुलिस ने आरोप लगाया कि दोनों आरोपियों ने ‘हिंसक प्रदर्शनों’ में और आंदोलन के दौरान अव्यवस्था फैलाने में ‘महत्वपूर्ण भूमिका’ निभाई।
बयान में बताया गया, “उन्होंने गौतम बुद्ध नगर आयुक्त कार्यालय के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को भड़काकर सार्वजनिक व्यवस्था को बिगाड़ने का प्रयास किया।”
बयान में यह भी बताया गया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून लगाया गया है।
पुलिस ने बताया कि आयुक्त कार्यालय क्षेत्र में अराजकता और अफवाहें फैलाने में शामिल असामाजिक तत्वों की पहचान की जाएगी तथा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बयान में यह भी बताया गया, “गौतम बुद्ध नगर पुलिस आयुक्त कार्यालय शांति, सुरक्षा और जनसुविधा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।”
भाषा सं जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


