एनटीएफ ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर घेराबंदी कर पकड़े दो तस्कर, 25 लाख का गांजा जब्त
एनटीएफ ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर घेराबंदी कर पकड़े दो तस्कर, 25 लाख का गांजा जब्त
जयपुर, पांच जुलाई (भाषा) राजस्थान पुलिस के मादक पदार्थ निरोधी कार्यबल (एएनटीएफ) ने सवाई माधोपुर जिले में करीब 47 किलोग्राम गांजा बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, बरामद गांजे की कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक कार भी जब्त की है।
पुलिस महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकुट बिहारी (36) और हनुमान (30) के रूप में हुई है, जो कि सवाई माधोपुर के खंडार थाना इलाके के फरिया गांव के रहने वाले हैं।
उन्होंने बताया कि आरोपी पिछले 6-7 साल से बड़े स्तर पर ओडिशा से गांजे की खेप लाकर राजस्थान और मध्य प्रदेश में तस्करी कर रहे थे, लेकिन पहली बार पुलिस के हत्थे चढ़े हैं।
कुमार ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मुकुट बिहारी ओडिशा के तस्कर से गांजा लाकर श्योपुर व मानपुर (मध्य प्रदेश) सहित अपने गांव के आस-पास के इलाकों में इसे बेचता था।
अधिकारियों ने बताया, एएनटीएफ को सूचना मिली थी कि मुकुट बिहारी पिछले छह-सात वर्षों से बड़े पैमाने पर गांजा तस्करी कर रहा है। सूचना का सत्यापन करने के बाद टीम ने करीब दो माह तक उसकी गतिविधियों पर निगरानी रखी।
उन्होंने बताया कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर घेराबंदी कर दोनों तस्करों को पकड़ा गया।
विकास कुमार ने बताया कि इस कार्रवाई में एएनटीएफ एवं थाना रवांजना डूंगर पुलिस की विशेष भूमिका रही। उन्होंने बताया कि उत्कृष्ट कार्रवाई करने वाली टीम को एएनटीएफ मुख्यालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।
भाषा बाकोलिया शफीक
शफीक

Facebook


