ओडिशा सरकार ने ग्रामीण विकास के लिए दो योजनाएं शुरू कीं

ओडिशा सरकार ने ग्रामीण विकास के लिए दो योजनाएं शुरू कीं

ओडिशा सरकार ने ग्रामीण विकास के लिए दो योजनाएं शुरू कीं
Modified Date: May 26, 2026 / 01:53 pm IST
Published Date: May 26, 2026 1:53 pm IST

भुवनेश्वर, 26 मई (भाषा) ओडिशा सरकार ने राज्य के गांवों में शहरी स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराने और समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से ग्रामीण विकास से जुड़ी दो योजनाएं शुरू की हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

‘मॉडल विलेज मिशन’ और ‘महापुरुष आदर्श ग्राम योजना’ (एमएजीवाई) का वर्चुअल शुभारंभ सोमवार को राज्य के मंत्री रबी नारायण नाइक ने किया।

राज्य में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव अगले वर्ष की शुरुआत में होने की संभावना है।

ग्रामीण विकास, पंचायती राज और पेयजल मंत्री नाइक ने कहा कि ‘मॉडल विलेज मिशन’ की परिकल्पना ओडिशा के गांवों में बुनियादी सुविधाओं और सामुदायिक स्थलों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में की गई है।

उन्होंने कहा, ‘‘यह योजना राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों को शहरी स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें सशक्त बनाने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर और स्वशासी समृद्ध इकाइयों में बदलने का काम करेगी।’’

नाइक ने कहा कि मिशन के पहले चरण में वर्ष 2029 तक राज्य की 6,733 ग्राम पंचायतों के सभी मुख्यालय गांवों को शामिल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि गांवों में आधारभूत संरचना और आवश्यक सुविधाओं की कमी का आकलन करने के लिए आधारभूत सर्वेक्षण कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रभावी निगरानी और समन्वय सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने राज्य स्तरीय कार्यबल का गठन किया है। इसके अलावा जिलाधिकारियों की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कार्यबल भी बनाए गए हैं, जो योजनाओं की निगरानी और क्रियान्वयन करेंगे।

अधिकारियों ने बताया कि ‘महापुरुष आदर्श ग्राम योजना’ का उद्देश्य उन प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों की मूल ग्राम पंचायतों का समग्र विकास करना है, जिन्होंने ओडिशा के सामाजिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक और राजनीतिक इतिहास में असाधारण योगदान दिया है।

भाषा मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में