ओडिशा: कान्स्टेबल को पीट पीटकर मार डालने के मामले का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

ओडिशा: कान्स्टेबल को पीट पीटकर मार डालने के मामले का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

ओडिशा: कान्स्टेबल को पीट पीटकर मार डालने के मामले का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
Modified Date: May 26, 2026 / 04:53 pm IST
Published Date: May 26, 2026 4:53 pm IST

भुवनेश्वर, 26 मई (भाषा) ओडिशा पुलिस की अपराध शाखा ने राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) कांस्टेबल सौम्य रंजन स्वैन को पीट-पीटकर मार डालने के मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मंगलवार को एक बयान में यह जानकारी दी।

बयान के अनुसार, भुवनेश्वर के सत्य नगर निवासी बिनोद कुमार बेहरा (48) को सोमवार रात केंद्रपाड़ा जिले के इंदुपुर से जांच के दौरान जुटाई गई विशेष खुफिया सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि बेहरा सात मई की घटना के बाद से फरार था और जांच में कांस्टेबल पर हमले में उसकी संलिप्तता सामने आई है।

बयान में कहा गया, “अब तक इस मामले में 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले की जांच प्राथमिकता के आधार पर जारी है। घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान करके उन्हें पकड़ने के प्रयास जारी हैं।”

पुलिस के अनुसार, मामले में आठ अन्य संदिग्धों की तलाश अभी भी जारी है।

स्वैन को सात मई को भुवनेश्वर के बाहरी इलाके में बालियांता थानाक्षेत्र के भिंगारपुर-काजा में भीड़ ने खंभे से बांधकर कथित तौर पर पीट-पीटकर मार डाला था।

पुलिस के मुताबिक, यह हमला एक महिला द्वारा कांस्टेबल पर उसकी मोटरसाइकिल और उसके दोपहिया वाहन के बीच टक्कर होने के बाद दुष्कर्म का प्रयास करने का आरोप लगाने के बाद हुआ।

भाषा अमित रंजन

रंजन


लेखक के बारे में