भुवनेश्वर, 20 अगस्त (भाषा) ओडिशा सरकार ने उस निजी पनबिजली कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है, जिस पर बिना पूर्व सूचना दिए आनंदपुर स्थित बैराज के गेट खोलने का आरोप है, जिससे क्योंझर जिले में बाढ़ आ गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि बैतरणी पावर प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड (बीपीपीएल) को नोटिस जारी करके यह बताने के लिए कहा गया है कि जब नदी पहले से ही उफान पर थी, तब उसने किन कारणों से अचानक स्लुइस गेट (जल निकासी द्वार) खोल दिए।
अधिकारी के मुताबिक, कंपनी से यह भी बताने को कहा गया है कि “गैर-जिम्मेदाराना” हरकतों से लोगों की जान जोखिम में डालने के आरोपों के लिए उसके खिलाफ क्यों न कानूनी कार्रवाई की जाए।
विशेष राहत आयुक्त राजेश पी पाटिल ने कहा कि सरकार कंपनी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने पर विचार कर रही है।
उन्होंने कहा, “कंपनी को अपना पक्ष रखने का मौका दिया गया है। उसके जवाब का अध्ययन करने के बाद सरकार आगे की कार्रवाई पर फैसला करेगी।”
पाटिल ने कहा कि कंपनी ने क्योंझर जिला प्रशासन को पहले से सूचित किए बिना बैराज से अतिरिक्त पानी छोड़ दिया, जिससे बाढ़ प्रबंधन पर असर पड़ा।
ओडिशा के राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा कि यह पहली बार नहीं है, जब बीपीपीएल ने गैर-जिम्मेदाराना हरकत की है। उन्होंने कहा, “इससे पहले भी कंपनी ऐसी हरकतें कर चुकी है।”
फिलहाल इस घटनाक्रम पर कंपनी की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
भाषा पारुल वैभव
वैभव