ओडिशा पुलिस ने अंतरराज्यीय मानव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया, एक महिला समेत छह लड़कियों को बचाया

Ads

ओडिशा पुलिस ने अंतरराज्यीय मानव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया, एक महिला समेत छह लड़कियों को बचाया

  •  
  • Publish Date - July 1, 2026 / 08:03 PM IST,
    Updated On - July 1, 2026 / 08:03 PM IST

भुवनेश्वर, एक जुलाई (भाषा) ओडिशा पुलिस ने अंतरराज्यीय मानव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए हैदराबाद से एक महिला एवं छह लड़कियों को बचाया है। इस मामले में दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई गजपति जिले के आदावा थाना क्षेत्र से एक महिला के लापता होने की जांच के बाद की गई।

रिश्तेदार द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, महिला 21 जून से लापता थी।

पुलिस ने बताया कि पीड़िता ने 24 जून को फोन पर अपने परिवार से संपर्क किया था। उसने आरोप लगाया कि रायगढ़ का ईश्वर कुसुलिया उसे और उसकी एक सहेली को नौकरी का झांसा देकर अपने साथ ले गया था।

बचाई गई महिला ने कहा, ‘उसने मुझे आदावा थाना क्षेत्र के बिरीकोट आने के लिए कहा और फिर मुझे मुनिगुड़ा थाना क्षेत्र के गुमुकुड़ी गांव स्थित अपने घर ले गया। बाद में नौकरी दिलाने के बहाने मुझे हैदराबाद भेज दिया गया।’

आर उदयगिरि के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) राकेश साहू ने बताया कि जांच में खुलासा हुआ कि नौकरी दिलाने के नाम पर कुसुलिया ने कथित तौर पर एक महिला और एक लड़की को चंद्रा उर्फ सरिता जैन उर्फ सरिता लुनावत को 70 हजार रुपये में बेच दिया।

साहू ने कहा, ‘सभी पीड़ितों ने आरोप लगाया कि उन्हें बंधक बनाकर रखा गया, शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया, उनके मोबाइल फोन छीन लिए गए और उन्हें अनैतिक गतिविधियों में शामिल होने के लिए मजबूर किया गया।’

उन्होंने कहा कि पूछताछ के दौरान पीड़िताओं ने यह भी बताया कि कई अन्य लड़कियों को भी नौकरी का झांसा देकर अलग-अलग जगहों से लाया गया था और उनका भी इसी तरह शोषण किया जा रहा था। इससे एक संगठित अंतरराज्यीय मानव तस्करी गिरोह के सक्रिय होने का संकेत मिला है।

विशेष सूचना के आधार पर गजपति पुलिस की एक टीम ने हैदराबाद पुलिस की मदद से आरोपी महिला के ठिकाने पर छापा मारा। वहां से छह नाबालिग लड़कियों और एक महिला समेत सात पीड़िताओं को बचाया गया, जिन्हें कथित तौर पर वहां बंधक बनाकर रखा गया था।

पुलिस ने बताया कि बचाई गई पीड़िताओं को सुरक्षित वापस लाया गया और उनके परिवारों से मिला दिया गया।

साहू ने कहा कि दोनों आरोपियों ईश्वर कुसुलिया और चंद्रा उर्फ ​​सरिता जैन उर्फ ​​सरिता लूनावत को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जिसने उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।’

भाषा तान्या रंजन

रंजन