ओडिशा पुलिस तटीय सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही: डीजीपी
ओडिशा पुलिस तटीय सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही: डीजीपी
भुवनेश्वर, चार जून (भाषा) राज्य की 575 किलोमीटर लंबी तटरेखा को देखते हुए ओडिशा पुलिस तटीय क्षेत्र की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। ओडिशा के डीजीपी वाई. बी. खुरानिया ने बृहस्पतिवार को यह बात कही।
ओडिशा पुलिस द्वारा बृहस्पतिवार को तटीय सुरक्षा पर एक दिवसीय राज्य स्तरीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने संगोष्ठी का उद्घाटन किया, जिसमें राज्य के तट की रक्षा के लिए कार्यरत 18 एजेंसियों ने भाग लिया।
संगोष्ठी का उद्घाटन करने के बाद मीडियाकर्मियों से बात करते हुए खुराना ने कहा कि ड्रोन के माध्यम से ओडिशा के तट की हवाई निगरानी की जा रही है, जबकि तेज ‘इंटरसेप्टर’ नौकाओं के माध्यम से समुद्र में गश्त की जा रही है।
डीजीपी ने संगोष्ठी में कहा कि तटीय सुरक्षा देश की आंतरिक सुरक्षा प्रणाली का एक बहुत महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि यह राज्य के आर्थिक विकास, समुद्री व्यापार और जन सुरक्षा से घनिष्ठ रूप से संबंधित है।
उन्होंने कहा कि तटीय क्षेत्र की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है क्योंकि ओडिशा की 574.7 किलोमीटर लंबी तटरेखा है और पारादीप, धामरा और गोपालपुर जैसे प्रमुख बंदरगाह राज्य के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश

Facebook


