महिला दिवस पर कांग्रेस विधायक ने निधि से एक करोड़ रु. जारी करने की घोषणा की
महिला दिवस पर कांग्रेस विधायक ने निधि से एक करोड़ रु. जारी करने की घोषणा की
जयपुर, आठ मार्च (भाषा) अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कांग्रेस विधायक रफीक खान ने रविवार को विधायक कोष से एक करोड़ रुपये जारी करने की घोषणा की जिसका इस्तेमाल महिला प्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों के अनुसार विकास कार्यों पर किया जाएगा।
खान ने जयपुर में बनीपार्क स्थित अपने आवास पर निवर्तमान पार्षदों और विधानसभा क्षेत्र के पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें 40 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया।
उन्होंने बैठक में मौजूद महिला प्रतिनिधियों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करें और उसके अनुसार प्रस्ताव प्रस्तुत करें।
विधायक ने कहा, ‘‘विधायक कोटे से एक करोड़ रुपये की राशि इन विकास कार्यों के लिए उपलब्ध कराई जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर यह राशि बढ़ाई भी जा सकती है।’’
इस दौरान उन्होंने राज्य और केंद्र सरकार के बजट में महिलाओं को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया।
उन्होंने दावा किया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार द्वारा महिलाओं और बालिकाओं के हित में शुरू की गई कई योजनाएं मौजूदा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने बंद कर दी हैं।
विधानसभा में कांग्रेस के मुख्य सचेतक रफीक खान ने कहा, ‘‘उड़ान योजना को रोक दिया गया है, वहीं मेधावी छात्राओं को स्कूटी देने की योजना भी ठप हो गई है।’’
उड़ान योजना के तहत बालिकाओं को सैनिटरी पैड वितरित किए जाते थे।
भाषा बाकोलिया खारी
खारी

Facebook


