दिल्ली में सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत, दो बच्चों समेत तीन जख्मी
दिल्ली में सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत, दो बच्चों समेत तीन जख्मी
नयी दिल्ली, 23 अप्रैल (भाषा) पूर्वी दिल्ली के शकरपुर इलाके में विकास मार्ग पर बुधवार देर रात एक कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई और उसके परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, घटना देर रात करीब 1:30 बजे की है जब आईटीओ से लक्ष्मी नगर की ओर जा रही एक कार ने गीता कॉलोनी कट के पास एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मोटरसाइकिल पर चार लोग सवार थे और सभी घायलों को हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया, जहां नीरज (35) को मृत घोषित कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि पीड़ित विश्वास नगर के एनएसए कॉलोनी का निवासी था और कनॉट प्लेस से अपनी पत्नी और बच्चों के साथ घर लौट रहा था।
अधिकारी ने बताया कि हादसे में मृतक की पत्नी सोनम (35) और उनके बेटा-बेटी घायल हुए हैं और उनका इलाज किया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी कार चालक की पहचान उत्तर प्रदेश के नोएडा निवासी सचिन गुलाटी (45) के रूप में हुई है, जिसे घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने पकड़ लिया था।
पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए एलएनजेपी अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।
भाषा नोमान वैभव
वैभव

Facebook


