अरुणाचल में सेना का ट्रक पहाड़ी सड़क किनारे खाई में गिरा, एक की मौत

अरुणाचल में सेना का ट्रक पहाड़ी सड़क किनारे खाई में गिरा, एक की मौत

अरुणाचल में सेना का ट्रक पहाड़ी सड़क किनारे खाई में गिरा, एक की मौत
Modified Date: June 26, 2026 / 10:07 pm IST
Published Date: June 26, 2026 10:07 pm IST

ईटानगर, 26 जून (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के पश्चिम कामेंग जिले में शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग 13 पर भारतीय सेना का एक ट्रक फिसलकर इस पहाड़ी सड़क के किनारे खाई में गिर गया, जिससे एक जवान की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

यह वाहन 18 सिख लाइट इन्फैंट्री (एलआई) का था और दुर्घटना के समय उसमें सवार होकर तीन जवान अपनी यूनिट की ओर जा रहे थे। यह हादसा अपराह्न करीब दो बजे हुआ।

अधिकारियों के अनुसार, ट्रक सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 30वीं बटालियन के मुख्यालय की चेन-लिंक बाड़ को तोड़ते हुए परिसर में घुस गया और बटालियन के शारीरिक प्रशिक्षण (पीटी) मैदान के पास जाकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग-13 (एनएच-13) का यह हिस्सा अत्यंत दुर्गम और खड़ी पहाड़ी ढलान के किनारे से होकर गुजरता है।

एक आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 30वीं बटालियन की त्वरित प्रतिक्रिया टीम (आरआरटी) तुरंत दुर्घटनास्थल पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया।

रिपोर्ट में कहा गया, ‘‘घायल जवानों में से एक को पहले एसएसबी की इकाई के चिकित्सा कक्ष (एमआई रूम) ले जाया गया, जहां इकाई के चिकित्सा अधिकारी ने उसे प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद उसे बोमडिला के जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं, अन्य दो जवानों को तत्काल दिरांग के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया।’’

रिपोर्ट के अनुसार, दिरांग के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक ने एक जवान को अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया।

अन्य दो सैन्यकर्मियों का क्रमशः बोमडिला और दिरांग के स्वास्थ्य केंद्रों में इलाज जारी है। उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

अधिकारियों ने बताया कि संबंधित सेना की इकाइयों को घटना की औपचारिक सूचना दे दी गई है। दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और इस संबंध में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।

भाषा

राखी संतोष

संतोष


लेखक के बारे में