उत्तम नगर में होली के दौरान हत्या के मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार
उत्तम नगर में होली के दौरान हत्या के मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार
नयी दिल्ली, आठ मार्च (भाषा) दिल्ली पुलिस ने होली की रात दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के उत्तम नगर में दो परिवारों के बीच हुई झड़प में 26 वर्षीय युवक की हत्या के सिलसिले में रविवार को एक और आरोपी को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने मामले में अब तक कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया है और एक नाबालिग को हिरासत में लिया है।
अधिकारी ने कहा कि पीड़ित परिवार के बयान दर्ज करने के बाद अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के कड़े प्रावधान भी लगाये गए हैं।
गिरफ्तार किए गए आठवें व्यक्ति की पहचान इमरान उर्फ बंटी (38) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना चार मार्च को जेजे कॉलोनी इलाके में तरुण (26) के परिवार और पड़ोसियों के बीच हुए झगड़े में उसकी मौत के कुछ दिनों बाद हुई। होली के दौरान तरुण के परिवार की एक लड़की द्वारा फेंके गए गुब्बारे का पानी पड़ोसी परिवार की एक महिला पर गिरने के बाद विवाद शुरू हुआ था।
पुलिस ने बताया कि दोनों परिवार लगभग पांच दशकों से एक दूसरे को जानते थे, लेकिन इलाके में पार्किंग और कचरा निपटान जैसे मुद्दों पर पहले भी उनके बीच विवाद होते रहे थे।
इससे पहले, पुलिस ने उमरदीन (49), जुम्मादीन (36), कमरुद्दीन (36), मुस्ताक (46), मुजफ्फर (25) और ताहिर (18) को गिरफ्तार किया था, जबकि इस मामले के संबंध में एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया था।
इसी बीच, तरुण के भाई ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की और कहा कि वे बुलडोजर कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं।
उन्होंने कहा, ‘ऐसे अपराधियों का एनकाउंटर कर देना चाहिए। उन्होंने मेरे भाई की हत्या की है, और उन्हें भी वही अंजाम भुगतना होगा। हम बुलडोजर की कार्रवाई से पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं।’
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने रविवार को एक ध्वस्तीकरण अभियान चलाया और मामले में एक आरोपी के एक घर के अवैध हिस्सों को ध्वस्त कर दिया।
सूत्रों के अनुसार, नगर निगम के अधिकारी दो बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंचे और उन्होंने पूरे घर को नहीं, बल्कि केवल अवैध हिस्सा ही ध्वस्त किया।
इस घटना के कारण इलाके में तनाव फैल गया, शुक्रवार को भीड़ ने कई वाहनों को नुकसान पहुंचाया और उनमें आग लगा दी, जिसके चलते अतिरिक्त पुलिस और केंद्रीय बलों की तैनाती करनी पड़ी।
वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि इलाके में स्थिति नियंत्रण में है।
भाषा तान्या सुभाष
सुभाष

Facebook


