ऑपरेशन त्रिनेत्र: प्रतापगढ़ पुलिस की ड्रग माफिया पर कार्रवाई; तस्कर की आलीशान कोठी व कार जब्त

ऑपरेशन त्रिनेत्र: प्रतापगढ़ पुलिस की ड्रग माफिया पर कार्रवाई; तस्कर की आलीशान कोठी व कार जब्त

ऑपरेशन त्रिनेत्र: प्रतापगढ़ पुलिस की ड्रग माफिया पर कार्रवाई; तस्कर की आलीशान कोठी व कार जब्त
Modified Date: June 8, 2026 / 07:45 pm IST
Published Date: June 8, 2026 7:45 pm IST

जयपुर, आठ जून (भाषा) राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में पुलिस ने एक कथित नशा तस्कर की लगभग 80 लाख रुपये की संपत्ति जब्त कर ली है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

यह कार्रवाई मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान के तहत की गई।

अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर शुरू किए गए ऑपरेशन त्रिनेत्र के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य की देखरेख में की गई।

पुलिस के अनुसार, आरोपी असद इकबाल की अवैध संपत्ति को जब्त करने का प्रस्ताव रठांजना थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह ने ‘तस्कर और विदेशी मुद्रा छलसाधक (संपत्ति समपहरण)’ अधिनियम एवं स्वापक एवं मन: प्रभावी औषधि अधिनियम(एनडीपीएस) के तहत अधिकृत प्रशासन (नयी दिल्ली) के पास भेजा था, जिसे स्वीकार कर लिया है।

आरोपी को तीन दिसंबर 2024 को मध्यप्रदेश के नीमच कैंट थाना थानाक्षेत्र में पुलिस ने चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया था। उसके पास से 2.8 किलो अफीम बरामद हुई थी। एनडीपपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेजा गया।

विशेष जांच टीम ने वित्तीय पड़ताल में पाया कि आरोपी ने लंबे समय तक अंतरराज्यीय अफीम और चूरा पोश्त की तस्करी से भारी अवैध आय अर्जित की। उसने इस आय से अपने गांव पानमोडी में लगभग 70 लाख रुपये का मकान और 10 लाख रुपये की कार खरीदी।

पुलिस ने मकान और वाहन पर “संपत्ति जब्त” नोटिस चिपका दिए। अब इन संपत्तियों को बेचा या हस्तांतरित नहीं किया जा सकेगा।

पुलिस ने राजस्व और परिवहन विभाग को भी आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सूचित कर दिया है।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ राजस्थान और मध्यप्रदेश में एनडीपीएस अधिनियम के तहत छह मामले दर्ज हैं।

भाषा बाकोलिया राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में