ओवैसी की जनसभा खराब मौसम के कारण स्थगित
ओवैसी की जनसभा खराब मौसम के कारण स्थगित
श्रावस्ती (उप्र), 27 सितंबर (भाषा) ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के मुखिया असदउद्दीन ओवैसी की रविवार को श्रावस्ती में प्रस्तावित जनसभा खराब मौसम के कारण स्थगित कर दी गई।
पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष शौकत अली ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि भिनगा विधानसभा क्षेत्र के राजापुर रानी मैदान पर होने वाली ओवैसी की जनसभा बारिश और खराब मौसम के कारण स्थगित कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि अब यह जनसभा आगामी चार अक्टूबर को इसी मैदान में होगी।
अली ने बताया कि आगामी 11 अक्टूबर को आजमगढ़ में भी ओवैसी की जनसभा प्रस्तावित है।
ओवैसी के उत्तर प्रदेश के मौजूदा चुनावी अभियान के क्रम में श्रावस्ती की जनसभा को राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
जिले की भिनगा विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) की इंद्राणी देवी 2022 में दूसरी बार विधायक चुनी गई थीं। वर्ष 2022 के चुनाव में उन्हें भाजपा प्रत्याशी पदम सेन चौधरी के मुकाबले 13,574 मतों से जीत मिली थी।
ओवैसी ने इससे पहले 14 जून को बहराइच की मटेरा विधानसभा सीट से उत्तर प्रदेश में अपने चुनावी अभियान की शुरुआत की थी। साल 2022 में इस सीट से सपा की मारिया शाह विजयी हुई थीं। मारिया सपा के नेता एवं पूर्व मंत्री यासिर शाह की पत्नी हैं।
स्थानीय राजनीतिक हलकों में ओवैसी के शुरुआती दौर में उन विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम करने को लेकर चर्चा है, जहां हाल के चुनावों में सपा को सफलता मिली है। हालांकि, पार्टी की ओर से इन विधानसभा क्षेत्रों के चयन को लेकर कोई आधिकारिक राजनीतिक कारण नहीं बताया गया है।
भाषा सं सलीम
संतोष
संतोष

Facebook


