अनंतनाग के सरकारी अस्पताल में पेसमेकर घोटाला ‘संस्थागत भ्रष्टाचार’ का नतीजा : पीडीपी

अनंतनाग के सरकारी अस्पताल में पेसमेकर घोटाला ‘संस्थागत भ्रष्टाचार’ का नतीजा : पीडीपी

अनंतनाग के सरकारी अस्पताल में पेसमेकर घोटाला ‘संस्थागत भ्रष्टाचार’ का नतीजा : पीडीपी
Modified Date: June 20, 2026 / 08:18 pm IST
Published Date: June 20, 2026 8:18 pm IST

श्रीनगर, 20 जून (भाषा) जम्मू-कश्मीर में विपक्षी पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) ने अनंतनाग के सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में कथित ‘पेसमेकर घोटाला’ सामने आने के बाद शनिवार को नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) सरकार पर निशाने साधते हुए कहा कि यह धोखाधड़ी ‘संस्थागत भ्रष्टाचार’ का परिणाम है।

पीडीपी नेता इल्तिजा मुफ्ती ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर की ‘चरमराई हुई’ स्वास्थ्य व्यवस्था को पटरी पर लाने के बजाय मंत्री ‘गलत प्राथमिकताओं’ में उलझे हुए हैं और वे पीडीपी के खिलाफ ‘अपमानजनक बयानबाजी’ कर रहे हैं।

इल्तिजा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “जम्मू-कश्मीर सरकार के संस्थागत भ्रष्टाचार के कारण अनंतनाग के सरकारी अस्पताल में बड़ा स्वास्थ्य घोटाला हुआ है, जहां ह्रदय रोग विशेषज्ञों ने ऐसे मरीजों की अनावश्यक हृदय सर्जरी की, जिन्हें इसकी जरूरत ही नहीं थी। यह सब प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के धन का गबन करने के लिए किया गया।”

जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में बड़े पैमाने पर प्रक्रियागत अनियमितताओं के आरोपों की विभागीय जांच में खुलासा हुआ कि जिन मरीजों के दिल की सर्जरी की गयी, उनमें से लगभग 50 प्रतिशत मरीजों को वास्तव में इसकी जरूरत ही नहीं थी।

जम्मू-कश्मीर के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने बताया कि जांच में फर्जी बीमा दावे, मरीजों का शोषण और मरीजों की अनावश्यक सर्जरी किए जाने के मामले सामने आए हैं।

विभाग ने अस्पताल के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. सैयद मकबूल का नाम लेते हुए उन पर प्रक्रियागत अनियमितताओं और आधिकारिक चिकित्सा रिकॉर्ड में हेरफेर करने के आरोप लगाए हैं।

इल्तिजा ने कहा कि जब ‘नेकां सरकार पर चिकित्सकों और सरकारी अधिकारियों के तबादलों के लिए लाखों रुपये वसूलने के गंभीर आरोप हैं’, तो जवाबदेही की उम्मीद कैसे की जा सकती है।

पीडीपी ने स्वास्थ्य मंत्री सकीना इट्टू पर ‘गैर-पेशेवर कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने’ का आरोप लगाया।

पीडीपी ने कहा, “उन्होंने (सकीना इट्टू) न केवल स्वास्थ्य क्षेत्र को नुकसान पहुंचाया है बल्कि वह स्वास्थ्य सेवाओं के बिगड़ने और लोगों की जान को खतरे में डालने के लिए भी जिम्मेदार हैं।”

भाषा जितेंद्र अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में