चेन्नई/विल्लुपुरम, आठ अप्रैल (भाषा) ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के प्रमुख पलानीस्वामी की ओर से मुख्यमंत्री एम के स्टालिन को लेकर की गई कथित टिप्पणी पर बुधवार को विवाद खड़ा हो गया।
स्टालिन ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें मौत का डर नहीं है और वह जनता की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जाएंगे।
चेन्नई में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पलानीस्वामी ने कहा था, “द्रमुक शासन के दौरान क्या सूखा, बाढ़ या चक्रवात आया? या क्या कोरोना महामारी फैली? कुछ भी नहीं हुआ था, अगर यह (महामारी) फैलती, तो वह उसमें चले जाते (मर जाते)।”
मई 2021 में जब द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) सत्ता में आई थी, तब राज्य कोरोना महामारी की दूसरी लहर की चपेट में था, जबकि इसका प्रकोप पहले अन्नाद्रमुक शासनकाल में शुरू हुआ था।
विल्लुपुरम में एक जनसभा को संबोधित करते हुए स्टालिन ने कहा कि हार के डर से पलानीस्वामी रोजाना गैर-जिम्मेदाराना बयान दे रहे हैं और स्तरहीन टिप्पणियां कर रहे हैं।
भाषा
राखी राजकुमार
राजकुमार