जिस पार्टी को ‘कुचलना’ चाहती है कांग्रेस, उसपर ‘फिदा’ देश के लोग: भाजपा
जिस पार्टी को ‘कुचलना’ चाहती है कांग्रेस, उसपर ‘फिदा’ देश के लोग: भाजपा
नयी दिल्ली, एक जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी द्वारा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का मजाक उड़ाने पर बुधवार को निशाना साधते हुए कहा कि उनकी चाटुकारिता और अहंकार का अंत आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के साथ होगा।
रेड्डी ने मंगलवार को नितिन नवीन द्वारा पार्टी कार्यकर्ताओं से वर्ष 2028 में तेलंगाना विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के लिए काम करने की अपील को खारिज करते हुए कहा था कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव जीतने में भाजपा को 15 साल लगे थे और तेलंगाना में भी उसका यही हाल होगा।
मुख्यमंत्री ने हैदराबाद में एक कार्यक्रम के दौरान कहा था, “हाल ही में एक व्यक्ति यहां आया था, नवीन या जो भी उनका नाम है, मैं वास्तव में उनका नाम नहीं जानता। लेकिन वह यहां आकर कहते हैं कि अगली सरकार उनकी होगी।”
रेड्डी ने कहा था, “आपने पश्चिम बंगाल के बारे में भी यही बात कही थी। बंगाल में (सरकार के गठन में) 15 साल लग गए। वहां आपकी चालें शायद इसलिए काम कर गईं, क्योंकि ममता बनर्जी सत्ता में थीं। लेकिन यहां हमारे सभी लोग तैयार हैं और वे आपको कुचल देंगे।”
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने रेड्डी की टिप्पणियों को ‘आपत्तिजनक व निंदनीय’ बताया और कहा कि ये तेलंगाना के मुख्यमंत्री के ‘अहंकार’ और ‘कांग्रेस की संस्कृति’ को भी दर्शाती हैं।
पात्रा ने गांधी परिवार का परोक्ष रूप से उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि रेड्डी का बयान यह भी दर्शाता है कि कांग्रेस और उसके नेता ‘एक ही परिवार की सेवा’ के प्रति कितने प्रतिबद्ध हैं।
भाजपा सांसद ने यहां संवाददाताओं से कहा, “रेवंत रेड्डी, आप भारत के एक राज्य के मुख्यमंत्री हैं। आप कांग्रेस जैसे एक प्रसिद्ध दल के सदस्य हैं। क्या आप जानते हैं कि भारत की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष कौन हैं? अगर आप भारत की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भाजपा के अध्यक्ष को नहीं जानते हैं, तो मुझे लगता है कि आप एक सक्षम राजनीतिक कार्यकर्ता नहीं हैं।”
पात्रा ने कहा कि हो सकता है कि रेवंत रेड्डी यह कहकर उपहास कर रहे हों या उन्हें कमतर दिखाने की कोशिश कर रहे हों कि वह नितिन नवीन को नहीं जानते लेकिन इस तरह के मजाक करने की आदत के गंभीर परिणाम हो सकते हैं।
भाजपा नेता ने रेड्डी से कहा, “जरा उन लोगों का हश्र याद कीजिए, जिन्होंने इस तरह का मजाक उड़ाया था। ममता बनर्जी ने भी अमित शाह को लेकर इसी तरह का मजाक किया था।”
पात्रा ने कहा, “मुझे याद है कि ममता बनर्जी के सहयोगियों, जैसे डेरेक ओ ब्रायन ने भी इसी तरह मजाक उड़ाते हुए कहा था, ‘नरेन्द्र मोदी से कहिए कि इस्तीफा दें’।”
उन्होंने रेड्डी से पूछा, “ऐसी टिप्पणियों का नतीजा क्या हुआ? आज उनकी पार्टी किस स्थिति में है?”
पात्रा ने तेलंगाना में कांग्रेस द्वारा भाजपा को कुचल देने संबंधी रेवंत रेड्डी की टिप्पणी पर पलटवार करते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी और उनकी पार्टी के नेता भी पश्चिम बंगाल के लोगों को ‘कुचलने’ की बातें बार-बार करते थे, लेकिन देश ने देखा कि उनकी पार्टी के साथ क्या हुआ।
भाजपा नेता ने कहा, “रेवंत रेड्डी जी, मैं बिना किसी लाग-लपेट के साफ तौर पर कहना चाहता हूं कि आप भारतीय जनता पार्टी को कुचलने की पूरी कोशिश कर सकते हैं, लेकिन भारत के लोग भाजपा पर फिदा हैं। आप कुछ नहीं कर सकते।”
उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में लोगों ने ही ‘खेला’ कर दिया था और विश्वास जताया कि तेलंगाना में भी इसी तरह के नतीजे देखने को मिलेंगे।
मुख्यमंत्री की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ला ने उन्हें कांग्रेस का ‘‘दरबारी और अहंकारी’’ नेता बताया।
शुक्ला ने यहां पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से कहा, ‘‘अहंकार में डूबे रेवंत रेड्डी को अपनी बंद आंखें खोलकर देखना चाहिए कि नितिन नवीन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, जो दुनिया की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी है और भारत के 22 राज्यों में सत्ता में है।’’
उन्होंने कहा कि भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) ने भी अहंकार दिखाया था जो आखिरकार 2023 में तेलंगाना विधानसभा चुनाव में उसकी हार के साथ टूट गया।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा, ‘‘वही घमंड अब आप (रेवंत रेड्डी) पर भी हावी हो गया है। आपका घमंड भी बस कुछ ही महीनों का मेहमान है। यकीन मानिए चापलूसी और अहंकार की राजनीति का पतन तय है।’’
शुक्ला ने दावा किया कि नवीन के नेतृत्व में भाजपा 2028 का तेलंगाना चुनाव जीतेगी और कांग्रेस को सत्ता से हटाएगी।
भाजपा नेता ने कहा, ‘‘रेवंत रेड्डी मेरी बात याद रखिएगा, आपकी चापलूसी और अहंकार वाली राजनीति अधिक दिन नहीं चलेगी। आपके गिने-चुने दिन बचे हैं। आपके पास बस कुछ माह ही शेष रह गए हैं।’’
भाषा जितेंद्र पवनेश
पवनेश

Facebook


