राजघाट के पास मिली पिस्तौल का इस्तेमाल बिश्नोई के वकील पर गोलीबारी के लिए किया गया: पुलिस
राजघाट के पास मिली पिस्तौल का इस्तेमाल बिश्नोई के वकील पर गोलीबारी के लिए किया गया: पुलिस
नयी दिल्ली, तीन मार्च (भाषा) दिल्ली में राजघाट के पास लवारिस खड़े स्कूटर से एक कंपनी के आपूर्ति कर्मी को कथित तौर पर मिली पिस्तौल का इस्तेमाल 25 फरवरी को हुई गोलीबारी की घटना में किया गया था, जिसमें जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े एक वकील को निशाना बनाया गया था। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने इस विदेश निर्मित पिस्तौल को तब बरामद किया, जब गलती से गोली चलने से 20 वर्षीय यह आपूर्ति कर्मी घायल हो गया।
अधिकारी ने बताया, ‘गाजीपुर सब्जी मंडी के पास हुई एक घटना के बाद यह बरामदगी की गई, जिसमें नोएडा की एक निजी लॉजिस्टिक्स फर्म में कार्यरत राजकुमार ट्रक के अंदर गोली चलने से घायल हो गया था।’
पुलिस ने बताया कि राजकुमार को राजघाट के पास खड़े बिना नंबर प्लेट वाले स्कूटर से पिस्तौल मिली। उसने पिस्तौल उठाकर सामान की आपूर्ति करने वाले ट्रक में रख दी, जहां गलती से गोली चल गई और गोली उसके पैर में लग गई। उसे तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया।
सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और राजकुमार के साथी की निशानदेही पर पिस्तौल बरामद की।
जांच के दौरान पुलिस ने स्कूटर का पता लगाया और उसे जब्त कर लिया।
पुलिस ने बरामद पिस्तौल का मिलान 25 फरवरी को हुई गोलीबारी की घटना के बैलिस्टिक साक्ष्यों से किया, जिसमें बिश्नोई से जुड़े एक वकील को निशाना बनाया गया था।
अधिकारी ने कहा, ‘स्कूटर से बरामद पिस्तौल से पुष्टि हुई है कि इसका इस्तेमाल 25 फरवरी की गोलीबारी की घटना में किया गया था। आगे की जांच जारी है।’
भाषा नोमान माधव
माधव

Facebook


