पटना। केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष घोयल ने घोषणा की है कि रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की भर्ती में महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण दिया जायेगा। बिहार के एकदिवसीय दौरे पर पहुंचे गोयल ने रेलवे की कई परियोजनाओं का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि बिहार में जिस तेज गति से विकास हो रहा है, उसमें रेलवे की योजनाएं भी रफ्तार देगी।
केंद्रीय मंत्री ने महिलाओं और बच्चों के प्रति आरपीएफ के कार्य को सराहनीय बताते हुए कहा कि सरकार आरपीएफ की बहाली में महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण देगी। उन्होंने कहा कि सभी महत्वपूर्ण स्टेशनों पर सीसीटीवी लगेंगे। पटना घाट से पटना साहिब की जमीन भी जल्द ही बिहार सरकार को दी जाएगी। गोयल ने कहा कि डालमियानगर में 600 करोड़ का पीओएच बनाने का काम शुरू किया जाएगा। इसी तरह कोसी के ब्रिज का काम भी 10 महीने के भीतर पूरा किया जाएगा।
यह भी पढ़ें : बसपा विधायक को दाऊद इब्राहिम के नाम पर जान से मारने की धमकी, मांगे एक करोड़
रेल मंत्री ने बिहार की नीतीश स्रकार की तारीफ करते हुए कहा कि बिहार में बिजली के क्षेत्र में भी तेजी से विकास हो रहा है। नवंबर-दिसंबर तक बिहार के हर घर तक बिजली पहुंच जाएगी। भविष्य में बिहार कभी अंधेरे में नहीं रहेगा।
गोयल ने कहा कि बिहार को अंधकार में भेजने वाले अब सरकार से ही बाहर हो गए हैं। उन्होंने कहा कि जीएसटी को सही तरीके से बिहार में लागू करने के लिए नीतीश कुमार और सुशील मोदी समेत पूरी प्रदेश सरकार बधाई की पात्र है।
वेब डेस्क, IBC24