प्रधानमंत्री ने शाह के वक्तव्य की सराहना की
प्रधानमंत्री ने शाह के वक्तव्य की सराहना की
नयी दिल्ली, 12 मार्च (भाषा) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को लोकसभा में ओम बिरला को अध्यक्ष पद से हटाने की मांग वाले प्रस्ताव पर बहस के अंत में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा दिए गए वक्तव्य की प्रशंसा की।
मोदी ने कहा कि शाह का भाषण तथ्यों से भरपूर था और इसमें संसदीय परंपराओं के महत्व के साथ-साथ राष्ट्रीय प्रगति के लिए सामूहिक रूप से काम करने के महत्व को रेखांकित किया गया था।
दो दिन तक चली बहस पर प्रतिक्रिया देते हुए गृह मंत्री ने लोकसभा अध्यक्ष बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए विपक्ष पर निशाना साधा और जोर देकर कहा कि सदन अपने नियमों के अनुसार चलेगा, न कि किसी दल के नियमों के अनुसार।
मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “गृह मंत्री अमितभाई शाह का भाषण बहुत ही शानदार था। उनका भाषण तथ्यों से भरपूर था और इसमें संसदीय परंपराओं के महत्व के साथ-साथ राष्ट्रीय प्रगति के लिए सामूहिक रूप से काम करने के महत्व को भी रेखांकित किया गया था।”
बुधवार को अपने वक्तव्य के दौरान गृह मंत्री ने सदन में राहुल गांधी की उपस्थिति और अन्य आंकड़े साझा करते हुए विपक्ष के सदस्यों द्वारा अध्यक्ष के खिलाफ लगाए गए पक्षपात के आरोपों का खंडन किया।
शाह ने कहा, “हमने कभी विपक्ष की आवाज नहीं दबाई। विपक्ष की आवाज आपातकाल के दौरान दबाई गई, जब नेताओं को जेल में डाल दिया गया था। यह झूठा प्रचार किया जा रहा है कि विपक्षी नेताओं को बोलने की अनुमति नहीं है। राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें बोलने की अनुमति नहीं है। लेकिन सच्चाई यह है कि वे लोकसभा में बोलना ही नहीं चाहते।”
भाषा प्रशांत नरेश
नरेश

Facebook


