उत्तरी बंगाल के सिलीगुड़ी में प्रधानमंत्री मोदी ने विशाल रोड शो का नेतृत्व किया
उत्तरी बंगाल के सिलीगुड़ी में प्रधानमंत्री मोदी ने विशाल रोड शो का नेतृत्व किया
सिलीगुड़ी, 11 अप्रैल (भाषा) उत्तरी पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार शाम को एक विशाल रोड शो का नेतृत्व किया, जिसे देखने के लिए भारी भीड़ सड़कों पर उमड़ पड़ी।
प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए लोग सड़कों पर कतारबद्ध नजर आए।
शहर के प्रमुख इलाकों से गुज़रने वाला यह रोड शो बागडोगरा हवाई अड्डे के पास से शुरू हुआ। सड़क के दोनों ओर हजारों लोग जमा हो गए और हाथ हिलाते हुए, नारेबाजी करते हुए और प्रधानमंत्री के काफिले पर फूलों की पंखुड़ियां बरसाते नजर आए।
इस दौरान मोदी कुछ देर के लिए अपनी गाड़ी से उतरे, लोगों से बातचीत की और उत्साहित भीड़ का अभिवादन किया, जिससे समर्थकों का जोश और बढ़ गया।
दार्जिलिंग के सांसद राजू बिस्ट ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की उदारता से मैं अभिभूत हूं, जिन्होंने लोगों से बात करने और हमें आशीर्वाद देने के लिए अपने काफिले को रोका।’
प्रधानमंत्री रविवार सुबह शहर में एक रैली को संबोधित करने के कार्यक्रम में भाग लेंगे।
भाजपा के एक नेता ने कहा, ‘‘रोड शो का कोई कार्यक्रम नहीं था, लेकिन लोग प्रधानमंत्री को देखने और उनका अभिवादन करने के लिए खुद ही उमड़ पड़े और अंततः यह एक रोड शो में बदल गया।’’
पश्चिम बंगाल में मतदान दो चरणों में, 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को होगा। मतगणना चार मई को होगी।
भाषा तान्या सुरेश
सुरेश

Facebook


