प्रधानमंत्री 28 फरवरी को अजमेर से राष्ट्रव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान का उद्घाटन करेंगे

Ads

प्रधानमंत्री 28 फरवरी को अजमेर से राष्ट्रव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान का उद्घाटन करेंगे

  •  
  • Publish Date - February 26, 2026 / 05:21 PM IST,
    Updated On - February 26, 2026 / 05:21 PM IST

नयी दिल्ली, 26 फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 28 फरवरी को राजस्थान के अजमेर की 14 वर्ष आयु की लड़कियों के लिए राष्ट्रव्यापी ‘ह्यूमन पैपिलोमावायरस’ (एचपीवी) टीकाकरण अभियान का उद्घाटन करेंगे, जिसके साथ ही महिलाओं में रोके जा सकने वाले कैंसर को खत्म करने की दिशा में भारत के यह एक बड़े कदम की औपचारिक शुरुआत होगी।

इस अभियान के दौरान एकल खुराक के रूप में ‘गार्डासिल’ 4 नाम का एक ‘क्वाड्रिवेलेंट एचपीवी वैक्सीन’ का इस्तेमाल किया जाएगा। यह इंजेक्शन सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) का कारण बनने वाले एचपीवी टाइप 16 और 18 से सुरक्षा प्रदान करता है। इसके साथ ही यह टाइप 6 और 11 से भी सुरक्षा प्रदान करता है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने 25 फरवरी को सभी राज्यों को भेजे गए एक आधिकारिक पत्र में कहा कि 14 वर्ष की आयु की सभी लड़कियों के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत अस्थायी रूप से 28 फरवरी को पूर्वाह्न 11:30 बजे करने की योजना बनाई गई है।

स्वास्थ्य मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव और मिशन निदेशक (एनएचएम) आराधना पटनायक द्वारा लिखे गए पत्र में कहा गया है, ‘‘प्रधानमंत्री ने राजस्थान के अजमेर से अभियान शुरू करने की कृपापूर्वक सहमति दे दी है।’’

पत्र में कहा गया है कि गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर देश के साथ-साथ विश्व स्तर पर भी एक महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्वास्थ्य चिंता का विषय है। यह एचपीवी के कारण होता है और यह एकमात्र ऐसा कैंसर है जिसे टीके द्वारा रोका जा सकता है।

पत्र में कहा गया है, ‘‘देश भर में 14 वर्ष की आयु की सभी लड़कियों को सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों (आयुष्मान आरोग्य मंदिर-प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, उप-जिला/जिला अस्पताल और सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल) में ‘गार्डासिल 4’ टीके की एक खुराक दी जाएगी।’’

भाषा यासिर माधव

माधव