पुलिस ने तिरुवनंतपुरम नगर निगम दफ्तर में झड़प के बाद भाजपा, माकपा पार्षदों के खिलाफ मामले दर्ज किए
पुलिस ने तिरुवनंतपुरम नगर निगम दफ्तर में झड़प के बाद भाजपा, माकपा पार्षदों के खिलाफ मामले दर्ज किए
तिरुवनंतपुरम, 26 जून (भाषा) केरल में पुलिस ने एक दिन पहले तिरुनवनंतपुरम नगर निगम कार्यालय में हुई झड़प के सिलसिले में महापौर वी. वी. राजेश सहित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पार्षदों तथा मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वार्ड सदस्यों के खिलाफ शुक्रवार को अलग-अलग मामले दर्ज किए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, माकपा पार्षद सिंधु शशि की शिकायत के आधार पर महापौर वी. वी. राजेश, उपमहापौर आशा नाथ तथा भाजपा पार्षद गिरिकुमार, जया राजीव, मधु, गोपन, सुमी बालू, आर. सी. बीना, मंजू और श्रुति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
इसी प्रकार, भाजपा पार्षद श्रुति एस. एस. की शिकायत पर माकपा के पार्षद दीपक देव, राखी रविकुमार, चेल्लामंगलम अरुण, वेणुगोपाल और रंजीत के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि म्यूजियम पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें गैरकानूनी रूप से एकत्र होना, दंगा, स्वेच्छा से चोट पहुंचाना, जानबूझकर अपमान करना तथा किसी व्यक्ति को गलत तरीके से रोकने से संबंधित धाराएं शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घायल पार्षदों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और मामले की जांच जारी है।
बृहस्पतिवार को महापौर राजेश के कक्ष के बाहर माकपा और भाजपा के पार्षदों के बीच झड़प हुई थी।
माकपा, भाजपा पार्षद आर. सुगाथन के इस्तीफे की मांग कर रही है, जिन्हें हाल ही में मारपीट के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था और उनके खिलाफ केरल असामाजिक गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (कापा) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
यह विरोध-प्रदर्शन उस घटना के एक दिन बाद हुआ, जब केरल उच्च न्यायालय ने उन कई भाजपा पार्षदों द्वारा ली गई शपथ को अमान्य घोषित कर दिया था, जिन्होंने शपथ लेते समय ‘‘ईश्वर’’ के अलावा अन्य नामों का उल्लेख किया था या निर्धारित शपथ/प्रतिज्ञान प्रारूप से हटकर अन्य शब्दों का प्रयोग किया था।
माकपा ने यह भी आरोप लगाया है कि उच्च न्यायालय के आदेश के बाद भाजपा पार्षदों द्वारा दोबारा ली गई शपथ भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप नहीं थी।
हालांकि, पुलिस के अनुसार जब महापौर राजेश भाजपा पार्षदों के साथ अपने कार्यालय में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे थे, तब माकपा के पार्षदों ने कथित तौर पर उनका रास्ता रोक दिया, जिससे दोनों पक्षों के बीच संक्षिप्त धक्का-मुक्की और झड़प हो गई।
पुलिस ने बताया कि इस झड़प में महापौर राजेश सहित कई पार्षद घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
इस घटना के बाद तिरुवनंतपुरम के विभिन्न हिस्सों में विरोध-प्रदर्शन भी हुए।
भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने दिसंबर 2025 में तिरुवनंतपुरम नगर निगम पर नियंत्रण हासिल किया था। गठबंधन ने 101 में से 50 सीटें जीतकर वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के 45 वर्षों के शासन का अंत कर दिया था।
भाषा गोला वैभव
वैभव

Facebook


