चंपावत में प्रतियोगिता के पूर्वाभ्यास के दौरान भाला लगने से पॉलीटेक्निक छात्र की मौत

चंपावत में प्रतियोगिता के पूर्वाभ्यास के दौरान भाला लगने से पॉलीटेक्निक छात्र की मौत

चंपावत में प्रतियोगिता के पूर्वाभ्यास के दौरान भाला लगने से पॉलीटेक्निक छात्र की मौत
Modified Date: April 19, 2026 / 03:11 pm IST
Published Date: April 19, 2026 3:11 pm IST

चंपावत, 19 अप्रैल (भाषा) उत्तराखंड के चंपावत में एक खेल प्रतियोगिता के पूर्वाभ्यास के दौरान भाला लगने से फुटबॉल खेल रहे पॉलीटेक्निक के एक छात्र की मौत हो गयी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

चंपावत की पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने यहां बताया कि हादसा शनिवार को गोरल चौड़ मैदान में हुआ जहां चंपावत के राजकीय पॉलीटेक्नीक कॉलेज की खेल प्रतियोगिता आयोजित की गयी थी।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के लिए छात्र मैदान के अलग-अलग हिस्सों में पूर्वाभ्यास कर रहे थे और इसी दौरान एक प्रतिभागी ने भाला उठाकर फेंका जो कुछ दूरी पर फुटबाल खेल रहे पॉलीटेक्निक द्वितीय वर्ष के छात्र सोमेन्द्र बोहरा (19) की गर्दन में जा लगा और वह जमीन पर गिर गया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि उसे तत्काल चंपावत जिला चिकित्सालय ले लाया गया जहां उसकी मृत्यु हो गयी।

यादव ने बताया कि हादसे के बाद घटनास्थल का निरीक्षण कर फॉरेंसिक साक्ष्य जुटा लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि अभी मामले में तहरीर नहीं मिली है।

अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हीरा सिंह हयांकी ने बताया कि सोमेंद्र की गर्दन के नीचे भाला लगा और आंतरिक चोट ज्यादा होने के कारण अस्पताल पंहुचते ही उसने दम तोड़ दिया।

मृतक छात्र के पिता भूपाल सिह बोहरा के गुजरात से यहां पहुंचने के बाद रविवार को उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दौरान जिलाधिकारी मनीष कुमार भी श्मशान घाट पहुंचे और छात्र को श्रद्धांजलि अर्पित की।

चंपावत के दूरस्थ गांव मछियाड़ के साधारण परिवार का रहने वाला सोमेंद्र चंपावत शहर में अपनी बुआ के घर रह कर पढाई कर रहा था।

सोमेंद्र के परिजनों के मुताबिक, उसके पिता गुजरात में एक कंपनी में कार्य करते हैं। उन्होंने बताया कि सोमेंद्र पिछले साल अग्निवीर में भर्ती हो गया था लेकिन उन्होंने उसके बेहतर भविष्य के लिए उसे पॉलीटेक्निक कॉलेज में दाखिला दिलाने का फैसला किया।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री और चंपावत के विधायक पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए फोन पर सोमेंद्र के परिजनों से बात कर अपनी संवेदना प्रकट की तथा उन्हें ढांढस बंधाया।

भाषा सं दीप्ति गोला

गोला


लेखक के बारे में