अरुणाचल में एसआईआर की तैयारी शुरू, अंतिम सूची 22 सितंबर को प्रकाशित की जाएगी : अधिकारी

अरुणाचल में एसआईआर की तैयारी शुरू, अंतिम सूची 22 सितंबर को प्रकाशित की जाएगी : अधिकारी

अरुणाचल में एसआईआर की तैयारी शुरू, अंतिम सूची 22 सितंबर को प्रकाशित की जाएगी : अधिकारी
Modified Date: June 8, 2026 / 05:39 pm IST
Published Date: June 8, 2026 5:39 pm IST

ईटानगर, आठ जून (भाषा) अरुणाचल प्रदेश में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभ्यास के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं जिसके तहत 15 जून से घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा और अंतिम सूची 22 सितंबर को प्रकाशित की जाएगी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी पवन कुमार सैन ने यहां एक पत्रकार वार्ता में कहा कि एसआईआर प्रक्रिया का उद्देश्य पूरे राज्य में एक सटीक और अद्यतन मतदाता सूची सुनिश्चित करना है।

सैन ने बताया कि तय कार्यक्रम के अनुसार बूथ-स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) 15 जून से 14 जुलाई के बीच घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे और गणना प्रपत्र जुटाएंगे।

उन्होंने बताया कि मसौदा मतदाता सूची 21 जुलाई को प्रकाशित की जाएगी, जबकि दावों और आपत्तियों के निपटारे के बाद अंतिम सूची 22 सितंबर को जारी की जाएगी।

सैन के मुताबिक, अरुणाचल प्रदेश में फिलहाल 8,87,505 पंजीकृत मतदाता हैं, जिनमें 4,52,089 महिलाएं और एक ट्रांसजेंडर शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया की तैयारियां जोरों पर हैं और आवश्यक गणना प्रपत्रों में से 50.23 फीसदी पहले ही मुद्रित हो चुके हैं।

सैन के अनुसार, इस प्रक्रिया का सुचारु क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के मकसद से बीएलओ और निर्वाचन अधिकारियों के लिए कुल 38 प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि पांच जिलों-पश्चिम कामेंग, पश्चिम सियांग, ऊपरी सियांग, लेपा राडा और शी योमी-ने गणना प्रपत्रों की 100 फीसदी छपाई कर ली है, जिससे वे इस काम को पूरा करने वाले राज्य के पहले जिले बन गए हैं।

सैन ने एसआईआर प्रक्रिया में राजनीतिक दलों की भागीदारी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अब तक 3,131 बूथ-स्तरीय एजेंट (बीएलए) नियुक्त किए जा चुके हैं, जिनमें से 2,286 भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), 422 कांग्रेस, 239 पीपुल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल और 100 नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के हैं।

उन्होंने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य पात्र नागरिकों को पंजीकृत करके, दोहरी या अपात्र प्रविष्टियों को हटाकर और जहां आवश्यक हो, मतदाता विवरण को सही करके मतदाता सूचियों को अद्यतन करना है।

भाषा पारुल नरेश

नरेश


लेखक के बारे में