कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में ईद-उल-अजहा की नमाज के लिए तैयारियां जारी
कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में ईद-उल-अजहा की नमाज के लिए तैयारियां जारी
कोलकाता, 27 मई (भाषा) पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा सड़कों और सार्वजनिक मार्गों पर नमाज अदा करने पर प्रतिबंध लगाने के फैसले के बाद इस वर्ष ईद-उल-अजहा की नमाज ऐतिहासिक स्थल रेड रोड से की जगह यहां ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित की जाएगी जहां तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं।
सरकार ने निर्देश दिया है कि प्रार्थना सभा में लोगों को सड़कों पर नहीं आना चाहिए ताकि यातायात और सार्वजनिक आवागमन में बाधा न आए।
आयोजकों द्वारा वार्षिक आयोजन के लिए आवश्यक अनुमतियां प्राप्त करने के बाद, श्रमिकों को कार्यक्रम स्थल पर एक मंच तैयार करते और लाउडस्पीकर लगाते हुए देखा गया।
कस्बा से तृणमूल कांग्रेस के विधायक और कलकत्ता खिलाफत कमेटी के अध्यक्ष जावेद अहमद खान ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे केवल अधिकृत पार्किंग क्षेत्रों का ही उपयोग करें और यातायात जाम से बचने के लिए सड़कों पर वाहन खड़े करने से बचें।
उन्होंने उपस्थित लोगों को सलाह दी कि वे प्रार्थना के दिन बारिश की संभावना को देखते हुए प्रार्थना की चटाई, कपड़ा या प्लास्टिक की चादर साथ लेकर आएं।
अधिकारियों ने बताया कि भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को लेकर कोलकाता पुलिस और आयोजकों के बीच चर्चा के बाद कार्यक्रम स्थल को अंतिम रूप दिया गया।
अधिकारियों के अनुसार, राज्य सरकार ने वार्षिक प्रार्थनाओं के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए ब्रिगेड परेड ग्राउंड में वैकल्पिक व्यवस्था की सुविधा प्रदान की।
इस बीच, कई इस्लामी धर्मगुरुओं ने समुदाय के सदस्यों से गायों का वध न करने का आग्रह किया है, क्योंकि सरकार ने पश्चिम बंगाल पशु वध नियंत्रण अधिनियम, 1950 के प्रावधानों को सख्ती से लागू करने का निर्णय लिया है।
भाषा प्रशांत माधव
माधव

Facebook


