महिला सशक्तिकरण के लिए प्रधानमंत्री ने अभूतपूर्व कदम उठाए: शुभेंदु अधिकारी

महिला सशक्तिकरण के लिए प्रधानमंत्री ने अभूतपूर्व कदम उठाए: शुभेंदु अधिकारी

महिला सशक्तिकरण के लिए प्रधानमंत्री ने अभूतपूर्व कदम उठाए: शुभेंदु अधिकारी
Modified Date: March 8, 2026 / 10:03 pm IST
Published Date: March 8, 2026 10:03 pm IST

मालदा (पश्चिम बंगाल), आठ मार्च (भाषा) पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अभूतपूर्व कदम उठाए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत महिलाओं की गरिमा सुनिश्चित करने के लिए 14 करोड़ शौचालयों का निर्माण करवाया है और साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (जहां स्वामित्व परिवार की सबसे वरिष्ठ महिला सदस्य के पास रहता है) के तहत देश भर में छह करोड़ घरों का निर्माण करवाया है, जिनमें से 40 लाख घर पश्चिम बंगाल में हैं।

सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस पर राज्य के लोगों को मिलावटी अनाज मुहैया कराने का आरोप लगाते हुए अधिकारी ने वादा किया कि अगर आगामी विधानसभा चुनावों में पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार सत्ता में आती है तो लाभार्थियों को ‘शुद्ध’ अनाज उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार देशभर में करोड़ों लोगों को रियायती दरों पर खाना पकाने की गैस उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा, ‘तृणमूल के जो लोग गैस सिलेंडर लेकर रैलियां कर रहे हैं, उन्हें यह पता होना चाहिए कि ममता बनर्जी सरकार उज्ज्वला तीन योजना के लिए केंद्र को आवेदन नहीं भेज रही है, जिससे राज्य में 15 लाख और महिलाओं को लाभ मिलेगा।’

देश में महिलाओं के उत्थान के लिए मोदी सरकार द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए अधिकारी ने कहा कि वह अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर इन कार्यक्रमों का जिक्र इसलिए कर रहे हैं ताकि लोगों को सरकार के प्रयासों के बारे में जागरूक किया जा सके।

उन्होंने यहां ‘परिवर्तन यात्रा’ रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘पश्चिम बंगाल में महिलाओं की कोई सुरक्षा नहीं है।’

भाषा

शुभम नरेश

नरेश


लेखक के बारे में