प्रधानमंत्री मोदी सोमवार को महिला सम्मेलन को संबोधित करेंगे
प्रधानमंत्री मोदी सोमवार को महिला सम्मेलन को संबोधित करेंगे
नयी दिल्ली, 12 अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार को यहां राष्ट्रीय स्तर के महिला सम्मेलन में भाग लेंगे। यह सम्मेलन संसद के उस सत्र से पहले आयोजित किया जा रहा है, जिसमें महिला आरक्षण कानून में प्रस्तावित संशोधनों को विचार और पारित करने के लिए पेश किए जाने की उम्मीद है।
आधिकारिक बयान में कहा गया कि ‘नारी शक्ति वंदन सम्मेलन’ का आयोजन भारत के विकास पथ को आकार देने में महिलाओं की अधिक भागीदारी के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूत करने के लिए किया जा रहा है।
यह पंचायतों से लेकर संसद तक, सभी स्तरों पर शासन और नेतृत्व में महिलाओं की बढ़ती भूमिका को भी उजागर करेगा।
बयान के अनुसार, सम्मेलन में निर्णय लेने की प्रक्रियाओं में महिलाओं की बेहतर भागीदारी के महत्व पर बल दिया जाएगा। यह सम्मेलन ‘विकसित भारत 2047’ की दिशा में महिलाओं की भूमिका को उजागर करेगा।
इसमें कहा गया कि यह ‘विकसित भारत 2047’ की परिकल्पना के केंद्रीय स्तंभ के रूप में महिला नेतृत्व वाले विकास के प्रति सरकार की निरंतर प्रतिबद्धता को प्रतिबिंबित करेगा।
इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों की प्रख्यात हस्तियों और महिला उपलब्धि हासिल करने वालों की भागीदारी देखने को मिलेगी।
इसमें सरकार, शिक्षा जगत, विज्ञान, खेल, उद्यमिता, मीडिया, सामाजिक कार्य और संस्कृति जैसे विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधि एक साथ आएंगे।
सितंबर 2023 में, संसद ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ पारित किया, जिसे आमतौर पर महिला आरक्षण अधिनियम के रूप में जाना जाता है, जो विधायी निकायों में महिलाओं के प्रतिनिधित्व को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अधिनियम में लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटों के आरक्षण का प्रावधान है।
देश भर में महिलाओं के लिए आरक्षण के कार्यान्वयन पर ध्यान केंद्रित करते हुए, बजट सत्र को विस्तारित कर दिया गया है और संसद का तीन दिवसीय सत्र 16 अप्रैल से बुलाया जा रहा है।
भाषा
नेत्रपाल दिलीप
दिलीप

Facebook


