जम्मू-कश्मीर के कठुआ में मादक पदार्थ तस्कर की 1.25 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क
जम्मू-कश्मीर के कठुआ में मादक पदार्थ तस्कर की 1.25 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क
जम्मू, 26 मई (भाषा) जम्मू कश्मीर के कठुआ जिले में मादक पदार्थों की कथित तौर पर तस्करी करने वाले एक व्यक्ति की लगभग 1.25 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति कुर्क की गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई स्वापक औषधि और मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के संबंधित प्रवधानों के तहत की गई है।
अधिकारियों के अनुसार, कुर्क की गई संपत्ति में हिरानगर के चप्पर मोड़ पर स्थित दुकानें और एक ढाबा शामिल है। यह संपत्ति जिले के चप्पर गांव के निवासी प्रकाश चंद के पुत्र सुदेश मेहता की है।
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान पाया गया कि इस संपत्ति को अवैध रूप से अर्जित किया गया था और इसे नशीले पदार्थों की तस्करी से प्राप्त धन से बनाया गया था।
पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई राजस्व, लोक निर्माण तथा सड़क एवं भवन विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में की गई।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन के इस कदम का स्वागत किया है। उन्होंने इसे जिले में मादक पदार्थों के खतरे को रोकने और तस्करों के वित्तीय नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
भाषा
प्रचेता सिम्मी
सिम्मी

Facebook


