टीसीपी अधिनियम की धारा 39ए के उल्लंघन के विरोध में प्रदर्शन: विधायक समेत 29 पर मामला दर्ज

Ads

टीसीपी अधिनियम की धारा 39ए के उल्लंघन के विरोध में प्रदर्शन: विधायक समेत 29 पर मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - February 26, 2026 / 10:13 PM IST,
    Updated On - February 26, 2026 / 10:13 PM IST

पणजी, 26 फरवरी (भाषा) क्रांतिकारी गोवा पार्टी के विधायक वीरेश बोरकर और 28 अन्य लोगों के खिलाफ गोवा नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग के कार्यालय से फाइलें और अन्य सामान कथित तौर पर चोरी करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि बोरकर ने 20 फरवरी को पट्टो इलाके में मुख्य नगर योजनाकार वर्तिका डागुर के कार्यालय के सामने नगर एवं ग्राम नियोजन अधिनियम की विवादास्पद धारा 39ए के तहत पाले-सिरीदाओ गांव में जोन परिवर्तन का विरोध करते हुए प्रदर्शन का नेतृत्व किया था।

बोरकर और कई अन्य लोग धारा 39ए को रद्द करने की मांग कर रहे हैं, जो मुख्य नगर योजनाकार को किसी भी गैर-बस्ती क्षेत्र को बस्ती में परिवर्तित करने और निर्माण का मार्ग प्रशस्त करने का अधिकार देती है।

रात भर कार्यालय में धरना देने के बाद बोरकर को 21 फरवरी की सुबह जबरदस्ती बाहर निकाला गया था।

पुलिस से मिली जानकारी का हवाला देते हुए आदिवासी नेता गोविंद शिरोडकर ने कहा कि बोरकर समेत 29 प्रदर्शनकारियों के खिलाफ नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग से 10 फाइलें, कई पंखे और अलमारियां चुराने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।

इस बीच, टीसीपी अधिनियम की धारा 39ए को निरस्त करने की मांग को लेकर बोरकर की आमरण अनशन बृहस्पतिवार को छठे दिन में प्रवेश कर गई।

भाषा संतोष माधव

माधव